भारत का खौफ नहीं: PCB चीफ बोले- मैं और सरकार किसी से नहीं डरते, ...और फील्ड मार्शल को तो आप जानते ही हैं न
Published:
4 min read

एशिया कप 2025 में भारतीय टीम ने एक महीने में पाकिस्तान को तीन मैचों में हराया था। इसमें फाइनल भी शामिल था। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. T20 WC 2026 शुरू हो चुका है। 15 फरवरी को कोलंबो में भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप स्टेज मैच होना है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ भी साफ कर चुके हैं कि उनका बांग्लादेश के समर्थन में भारत के खिलाफ इस मैच का बायकॉट कर रहा है।बहरहाल, जैसे ही दबाव बढ़ना शुरू हुआ तो पाकिस्तान के सुर बदलने लगे। फैसले बदलने के लिए बहाने तलाशने शुरू कर दिए। हद तो तब हो गई जब सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चीफ मोहसिन नकवी ने भारत से क्रिकेट रिश्तों को लेकर आर्मी चीफ (और फील्ड मार्शल) जनरल आसिम मुनीर तक का जिक्र कर दिया।
हम किसी से नहीं डरते
यह मीडिया ब्रीफिंग वैसे तो पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) को लेकर थी। हालांकि, इससे जुड़े कुल जमा 3 सवाल भी नहीं हुए। मीडिया सिर्फ यह जानना चाहता था कि क्या पाकिस्तान टीम 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच का बायकाॅट करने के स्टैंड पर अब भी कायम है? या फैसला बदला जा चुका है।

मोहसिन से जब इस बारे में सवाल हुआ तो उन्होंने कहा- बातचीत जारी है। हम बांग्लादेश के साथ हैं। कुछ लोग कह रहे हैं कि पाकिस्तान दबाव में आ गया, डर गया। मैं साफ कर देना चाहता हूं कि मैं, मेरी सरकार किसी से नहीं डरते। और हां फील्ड मार्शल साहब (जनरल आसिम मुनीर) को तो आप जानते ही हैं। उम्मीद है हम जल्द किसी नतीजे पर पहुंचेंगे और आपको पूरी जानकारी दी जाएगी।
अंदरखाने क्या चल रहा है
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक- पाकिस्तान सरकार पलटी मार चुकी है। आज या कल ये ऐलान हो सकता है कि पाकिस्तान टीम भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच खेलेगा।
पाकिस्तान सरकार ने इस मैच का बायकॉट करते हुए इंडिया के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया था। उसने ICC के सामने कुछ शर्तें भी रखी थीं, जिसे इंटरनेशनल काउंसिल ने ठुकरा दिया था।

श्रीलंका के राष्ट्रपति ने पाकिस्तानी PM से फोन पर बात की
PAK मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से फोन पर बात की। अनुरा ने कहा कि आतंकी हमलों के चलते जब कोई भी बोर्ड पाकिस्तान में आकर क्रिकेट खेलने को राजी नहीं था, तब श्रीलंका ने उसका साथ दिया और पाकिस्तान में सीरीज खेली थी।
रिपोर्ट्स की मानें तो इसी फोन कॉल के दौरान शहबाज शरीफ ने श्रीलंका के राष्ट्रपति को भरोसा दिलाया कि पाकिस्तान टीम अपना बायकॉट वापस लेगी और इंडिया के खिलाफ 15 फरवरी वाला मैच खेलेगी।

बांग्लादेश के सपोर्ट में बायकॉट किया था
दरअसल, बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को IPL से बाहर कर दिया गया था। इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में टी20 वर्ल्ड कप के मैच खेलने से इनकार कर दिया था। तब ICC ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।ऐसे में पाकिस्तान ने बांग्लादेश का सपोर्ट करते हुए इंडिया के खिलाफ मैच का बायकॉट किया था। हालांकि पाकिस्तान सरकार ने कहा था कि उनकी टीम वर्ल्ड कप के बाकी मैच जरूर खेलेगी।

बांग्लादेशी भी लाचार
अब खुद बांग्लादेशी बोर्ड ने भी पाकिस्तान सरकार से अपील की है कि वो अपनी टीम को इंडिया के खिलाफ मैच खेलने की मंजूरी दें। BCB के प्रेसिडेंट अमिनुल इस्लाम ने पाकिस्तानी बोर्ड के चीफ मोहसिन नकवी से लाहौर में मुलाकात की। इस दौरान अमिनुल ने रिक्वेस्ट करते हुए कहा कि पाकिस्तान टीम 15 फरवरी को इंडिया के खिलाफ मैच खेले।
अकेला पड़ा PCB: अब कोई रास्ता नहीं
UAE,ICC, BCCI और दुनिया के तमाम क्रिकेट बोर्ड पाकिस्तान के खिलाफ एक प्लेटफॉर्म पर आ चुके थे। पाकिस्तान ने तीन मांग रखीं थीं। इन्हें BCCI और ICC दोनों ने सीधे तौर पर खारिज कर दिया था। ऐसे में पाकिस्तान को मैच खेलने के लिए मानना ही था। ये 4 मांग इस तरह थीं…
-
भारतीय टीम पाकिस्तान के साथ बाइलेटरल क्रिकेट शुरू करे।
-
पाकिस्तान को (अकेले) ICC टूर्नामेंट होस्ट करने की मंजूरी दी जाए। एशिया कप फिर से हो, और BCCI अपनी टीम पाकिस्तान भेजे।
-
PCB को ICC के रेवेन्यू में बढ़ा हुआ शेयर मिले। इसके अलावा क्रिकेट इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए अलग से फंड अलॉट हो।
-
बांग्लादेश को वर्ल्ड कप बायकॉट के बावजूद उसका रेवेन्यू शेयर मिले।

