तिलक की टीम इंडिया में वापसी अभी नहीं : अय्यर न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी 2 मैच भी खेलेगें, सुंदर के टी20 वर्ल्ड कप खेलने की संभावना भी कम
Published:
3 min read

तिलक वर्मा 2026 T20I वर्ल्ड कप से पहले टीम में वापस नहीं आएंगे, क्योंकि वह अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं। इस बीच ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर के भी वर्ल्ड कप में खेलने के चांस कम लग रहे हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. 2026 T20I वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम में बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। तिलक वर्मा अभी टीम में वापसी नहीं करेंगे। वे अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं। वहीं, ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर के भी T20 वर्ल्ड कप में खेलने के चांस कम लग रहे हैं।
BCCI ने सोमवार को तिलक वर्मा की फिटनेस को लेकर अपडेट दिया। बोर्ड के मुताबिक तिलक ने दोबारा फिजिकल ट्रेनिंग शुरू कर दी है। बेंगलुरु के BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में उनका रिहैब चल रहा है। रिकवरी सही डायरेक्शन मे है। मैच फिटनेस में अभी वक्त लगेगा।
BCCI ने बताया कि तिलक वर्मा 3 फरवरी को पूरी तरह फिट होने के बाद मुंबई में टीम इंडिया से जुड़ेंगे। इसके बाद वे टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत के वॉर्मअप मैच खेलने के लिए अवेलेबल रहेंगे। बता दें तिलक वर्ल्ड कप खेलने वाली टीम का हिस्सा हैं।
श्रेयस अय्यर को मौका
तिलक वर्मा की गैरमौजूदगी में श्रेयस अय्यर न्यूजीलैंड के खिलाफ बाकी 2 T20 मैच के लिए भारतीय टीम का हिस्सा बने रहेंगे। यह फैसला सिलेक्शन कमेटी की सिफारिश पर लिया गया है। हालांकि, श्रेयस ने अभी तक न्यूजीलैंड के खिलाफ एक भी T20 मैच नहीं खेला है।
10 दिन पहले टीम में आए थे अय्यर
करीब 10 दिन पहले अय्यर को तिलक की जगह टीम इंडिया में शामिल किया गया था। उस समय उन्हें शुरुआती 3 मैच के लिए चुना गया था। अब उन्हे बाकी मुकाबलों के लिए भी रखा गया है।
तिलक सर्जरी के कारण बाहर
तिलक को टेस्टिकुलर टॉर्शन की समस्या हुई थी। 7 जनवरी को राजकोट में नाश्ता करने के बाद उनके शरीर के निचले हिस्से में दर्द उठा। इसके बाद उन्हें तुरंत गोकुल अस्पताल ले जाया गया। यहां उनकी सर्जरी हुई।
सुंदर की फिटनेस में डाउट
ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर के टी20 वर्ल्ड कप खेलने की संभावना भी कम नजर आ रही है। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में उन्हें पसली में चोट लगी थी। इसके बाद से वे क्रिकेट से दूर हैं। रिपोर्ट के मुताबिक सुंदर को पूरी तरह फिट होने में अभी 2 हफ्ते और लग सकते हैं। मेडिकल टीम ने उन्हें दो हफ्ते और आराम करने की सलाह दी है। अब सिलेक्शन कमेटी और टीम मैनेजमेंट को तय करना होगा कि उन्हें आगे रखा जाए या किसी दूसरे खिलाड़ी को मौका दिया जाए।

मैच के दौरान चोट लगी थी
सुंदर को न्यूजीलैंड के खिलाफ गेंदबाजी करते समय चोट लगी थी। वे केवल 5 ओवर ही डाल पाए और इसके बाद मैदान से बाहर चले गए। हालांकि बल्लेबाजी के लिए वे उतरे और नाबाद 7 रन बनाए। उस मैच में केएल राहुल ने भारत को जीत दिलाई थी।
पहले भी चोट के कारण छोडा वर्ल्ड कप
यह पहला मौका था जब सुंदर को वर्ल्ड कप टीम में चुना गया। इससे पहले वे 2021 और 2022 के टी20 वर्ल्ड कप में भी चोट के कारण नहीं खेल पाए थे। अगर इस बार भी वे बाहर होते हैं तो यह उनके लिए बड़ा नुकसान होगा।

