सा. अफ्रीका से हारकर टीम इंडिया निराश थी: तब बाहुबली के गाने ने हौसला बढ़ाया, कप्तान सूर्या ने ड्रेसिंग रूम के किस्से शेयर किए
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर T20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीत लिया। इस जीत के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ड्रेसिंग रूम के अंदर की कई खास बातें शेयर कीं। उन्होंने बताया कि कोच गौतम गंभीर ने खिलाड़ियों को ट्रॉफी की अहमियत बताई।
साथ ही यह भी कहा कि साउथ अफ्रीका से हार के बाद टीम का हौसला बढ़ाने के लिए ‘बाहुबली’ के गाने का खास वीडियो दिखाया था। जीतने के बाद टीम इंडिया में खुशी का माहौल था। सूर्यकुमार यादव ने इस जीत के बाद ड्रेसिंग रूम में हुई बातचीत और टीम के माहौल के बारे में कई दिलचस्प बातें बताईं।
माइल स्टोन कोई याद नहीं रखता
सूर्यकुमार यादव ने Indian Express से इंटरव्यू में कहा- फाइनल जीतने के बाद कोच गंभीर ने खिलाड़ियों के सामने ट्रॉफी रखकर एक खास मैसेज दिया। हमारी टीम के लिए सबसे जरुरी चीज यही ट्रॉफी है।
सूर्या के मुताबिक- गंभीर ने खिलाड़ियों से कहा कि कितने रन बनाए या कितने रिकॉर्ड बने, यह सब लोग समय के साथ भूल जाते हैं। लेकिन टीम ने कितनी ट्रॉफी जीती, यह हमेशा याद रहता है। खिलाड़ियों को आखिर में उसी से याद किया जाएगा कि उन्होंने टीम के लिए कितनी चैंपियनशिप जीतीं।

सूर्यकुमार और गंभीर की जोड़ी 2024 के बाद से टीम में एक नई सोच लेकर आई है। इस दौरान टीम इंडिया ने T20 में कोई भी बाइलेटरल सीरीज नहीं हारी है और 2025 एशिया कप का खिताब भी अपने नाम किया।
सूर्या ने आगे कहा- कोच गंभीर मैदान पर अक्सर सीरियस नजर आते हैं। हांलाकि फाइनल जीतने के बाद वह बहुत खुश थे। सूर्या ने मजाक में कहा कि पहले 4 मैचों में टीम ने उन्हें हंसने का मौका ही नहीं दिया हांलाकि बाद में टीम के शानदार प्रदर्शन को देखकर वह काफी खुश हो गए। फाइनल के बाद उन्होंने गंभीर को सबसे ज्यादा मुस्कुराते हुए देखा।
फील्डिंग के लिए 10 हजार का इनाम रखा
कप्तान ने टीम की सफलता में सपोर्ट स्टाफ को भी अहम बताया। उन्होंने कहा कि फील्डिंग कोच टी दिलीप ने प्रैक्टिस सेशन में खिलाड़ियों को मोटिवेट करने के लिए एक खास तरीका अपनाया था। उन्होंने प्रैक्टिस में सबसे अच्छी फील्डिंग करने वाले प्लेयर के लिए 10 हजार रुपये का इनाम रखा था।

2 साल पहले का वीडियो दिखाया
सूर्या ने यह भी बताया कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद टीम थोड़ी निराश हो गई थी। उस समय टीम के वीडियो एनालिस्ट ने खिलाड़ियों को एक खास वीडियो दिखाया। इस वीडियो में पिछले 2 साल के पलों को दिखाया गया था।
वीडियो में बल्लेबाजों के अच्छे शॉट्स को दिखाया, जिसके बैकग्राउंड में ‘बाहुबली’ फिल्म का गाना लगाया गया था, जबकि गेंदबाजों के विकेट ‘ओ शेरा तीर ते ताज’ गाने के साथ दिखाए गए थे। इस वीडियो ने खिलाड़ियों को मोटिवेशन किया। टीम ने इसके बाद शानदार वापसी की।

ड्रेसिंग रूम के किस्से शेयर किए
सूर्यकुमार ने टीम के माहौल के बारे में कहा- ड्रेसिंग रूम में हर खिलाड़ी को खुलकर अपनी बात रखने की आजादी है। कई बार तनाव के बीच भी मजेदार पल बन जाते थे। एक बार रिंकू सिंह अंग्रेजी में बोलने की कोशिश कर रहे थे, तब बाकी खिलाड़ी हंसी रोक नहीं पाए। वहीं तिलक वर्मा जब अपने हैदराबादी अंदाज में बात करते थे तो टीम का माहौल हल्का हो जाता था।

