श्रीलंका के लिए T20 WC का शेड्यूल बदलेगा: अपने घर में सेमीफाइनल खेलेगी, बस इंडिया से टक्कर ना हो
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 के मैच खेले जा रहे हैं। इसी बीच एक बड़ी खबर आ रही है। श्रीलंका के कारण सेमीफाइनल के शेड्यूल में बदलाव किया जा सकता है। उसे अपने घरेलू मैदान पर सेमीफाइनल खेलने का मौका मिल सकता है। श्रीलंकाई टीम के इस प्लान को सिर्फ टीम इंडिया ही बिगाड़ सकती है।
ICC ने जो शेड्यूल जारी किया था, उसके मुताबिक पहला सेमीफाइनल 4 मार्च को कोलकाता या कोलंबो में खेला जाना है। यदि पाकिस्तान टीम क्वालिफाई करती है तो यह सेमीफाइनल कोलंबो में होगा। वरना यह सेमी कोलकाता में कराया जाना था।
श्रीलंका ने क्वालिफाई किया तो कोलंबो में खेलेगी
इस शेड्यूल में श्रीलंकाई टीम का कोई जिक्र नहीं किया गया था। अब मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो श्रीलंका ने अपना सेमीफाइनल घरेलू मैदान पर खेलने की फरमाइश की है। ऐसे में यदि अब श्रीलंका क्वालिफाई करती है तो वह अपना सेमीफाइनल कोलंबो में खेलेगी।
इसमें भी ICC ने एक शर्त रखी है। वो यह है कि यदि श्रीलंका के साथ पाकिस्तान ने भी क्वालिफाई किया तो उस स्थिति में सिर्फ पाकिस्तानी टीम ही कोलंबो में सेमीफाइनल खेलेगी। तब श्रीलंका को दूसरा सेमीफाइनल मुंबई में खेलना होगा, जो पहले से शेड्यूल है। हालांकि इसकी संभावना खत्म हो गई है, क्योंकि उनके ग्रुप से इंग्लैंड ने क्वालिफाई कर लिया है। अब श्रीलंका या पाकिस्तान में से कोई एक ही क्वालिफाई कर सकती है।
इंडिया से सेमी हुआ तब कोलकाता में मैच होगा
सेमीफाइनल में श्रीलंका और पाकिस्तान की टक्कर नहीं होगी, क्योंकि दोनों सुपर-8 के एक ही ही ग्रुप में हैं।
ICC की शर्त में यह भी शामिल है कि यदि पाकिस्तान क्वालिफाई नहीं करता है और श्रीलंका सेमीफाइल में पहुंचती है। जहां उसका मुकाबला इंडिया से होता है, तो उस स्थिति में भी सेमीफाइनल कोलकाता में ही खेला जाएगा।
ऐसे में अब श्रीलंका को यह उम्मीद करनी होगी कि पाकिस्तान क्वालिफाई ना कर सके और उसका सेमीफाइनल इंडिया से ना हो। इन दोनों ही कंडीशन में श्रीलंका अपने घरेलू मैदान पर सेमीफाइनल खेल सकेगी।

