माइक हेसन कोच नहीं, तानाशाह: पाकिस्तानी प्लेयर्स की PCB से शिकायत, कहा- तमाम फैसले तो हेसन ही लेते थे
Published:
3 min read

पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज में भारत से और सुपर 8 में इंग्लैंड से हार गया था।
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान की टीम वर्ल्ड कप 2026 से रुखसत हो चुकी है। अब हार का ठीकरा फोड़ने का सिलसिला शुरू हो गया है। हेड कोच माइक हेसन के रोल पर तमाम सवाल उठ रहे हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स का दावा है कि टीम के हेड कोच माइक हेसन से कई खिलाड़ी सख्त खफा हैं। प्लेयर्स को उनका डिजीजन और अप्रोच पसंद नहीं आया। इसकी शिकायत बाकायदा पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी PCB से की गई है।
हाल ही में कप्तान सलमान अली आगा और माइक हेसन ने बोर्ड चेयरमैन मोहसिन नकवी से मुलाकात की थी।
माइक हेसन ने मनमानी की
खबर है कि बोर्ड के सीनियर्स अब इस मामले की जांच कर रहे हैं। टूर रिपोर्ट देखने के बाद टीम मैनेजमेंट और हेड कोच के साथ इस मुद्दे पर डिटेल में बात की जाएगी। कहा जा रहा है कि इस मामले में सिलेक्शन कमिटी और यहां तक कि सलमान अली आगा भी कई मामलों में कोच के मनमाने फैसले का विरोध नहीं कर पाए।

ड्रेसिंग रूम का माहौल खराब
टूर्नामेंट के दौरान कुछ पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने कोच के बर्ताव की शिकायत PCB अधिकारियों से की। कोच ने बिना सलाह-मशविरा के कई फैसले लिए।
रिपोर्ट के मुताबिक, बैटिंग ऑर्डर और प्लेइंग 11 जैसे फैसले भी कोच ने ही लिए। इसमें फखर जमान, ख्वाजा नफे और अबरार अहमद को टीम से बाहर रखने का फैसला भी शामिल रहा। सिलेक्शन कमेटी में भी हेसन को काफी अधिकार दिए गए थे।

कोच की दखलअंदाजी पसंद नहीं आई
टूर्नामेंट में हार के बाद एलीट पैनल के पूर्व अंपायर अलीम डार ने नेशनल सिलेक्शन कमिटी से इस्तीफा दे दिया। डार 2024 में PCB में सिलेक्टर के तौर पर शामिल हुए थे। सिलेक्शन मीटिंग के दौरान अलीम डार खुद को अलग-थलग महसूस कर रहे थे। वे बाबर आजम, शादाब खान और उस्मान खान को वर्ल्ड कप स्क्वॉड में शामिल करने के पक्ष में नहीं थे।
2 साल का कॉन्ट्रैक्ट
हेसन ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के साथ 2 साल का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है। बोर्ड फिलहाल कोचिंग सेटअप में स्टेबिलिटी बनाए रखना चाहता है। हालांकि, अब अपडेट्स का इंतजार करना होगा।

टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का सफर
टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तानी टीम का सफर सुपर 8 में खत्म हो गया। उसने कमजोर टीमों के खिलाफ जीत हासिल की, जबकि बड़ी टीमों से शिकस्त मिली। पाकिस्तान ने ग्रुप स्टेज में नामीबिया, अमेरिका और नीदरलैंड्स को हराया। इसी दौरान भारतीय टीम से हार मिली थी।
दूसरी ओर सुपर-8 में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच बारिश के चलते रद्द हो गया था। इसके बाद पाकिस्तान को इंग्लैंड से हार मिली। हालांकि आखिरी मैच में श्रीलंका को हराया था। वे श्रीलंका को जरूरी अंतर से हराने में नाकाम रहे। इसके बाद वे टूर्नामेंट से बाहर हो गए।


