बायकॉट का फैसला वापस नहीं लेंगे: पाकिस्तान PM बोले- बहुत सोचकर कदम उठाया, बांग्लादेश का समर्थन जारी रखेंगे
Published:
3 min read

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान का ग्रुप स्टेज मैच 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में होना था।
स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को कोलंबो में भारत और पाकिस्तान का मैच होना था। पाकिस्तान इस मैच के बायकॉट का ऐलान कर चुका है। अब उसके प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने फिर अपने स्टैंड को दोहराया है।
बुधवार रात इस्लामाबाद में शरीफ कैबिनेट की मीटिंग हुई। इसमें उन्होंने कहा- भारत के खिलाफ न खेलने का फैसला सोच-समझकर और विचार विमर्श के बाद लिया गया है। पाकिस्तान इस मुद्दे को क्लियर रखना चाहता है। हम इंडिया के साथ मैच के बायकॉट के फैसले पर कायम हैं। बांग्लादेश का समर्थन जारी रहेगा।
पाकिस्तान ने यह फैसला क्यों लिया
पाकिस्तान का यह रुख ICC के एक फैसले से जुड़ा है। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कोलकाता और मुंबई की जगह अपने मैच श्रीलंका शिफ्ट कराने की मांग की थी। इसी दौरान BCCI ने IPL टीम KKR को बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने का निर्देश दिया। इस पर बांग्लादेश ने आपत्ति जताई। इसके बाद कुछ और डेवलपमेंट्स हुए। आखिरकार ICC ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को वर्ल्ड कप में शामिल करने का फैसला किया। यहीं से पाकिस्तान खुलकर बांग्लादेश के समर्थन में आ गया। उसने टी20 वर्ल्ड कप में खेलना तो कबूल किया, लेकिन भारत के खिलाफ मैच का बायकॉट कर दिया। इस पर विवाद जारी है।

PCB का रिएक्शन
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने ICC के फैसले को गलत बताया था।

क्या इस बार बायकॉट मुमकिन
इसका जवाब करीब-करीब नामुमकिन है। अब यह बात अलग है कि बांग्लादेश की तर्ज पर पाकिस्तान भी अपनी क्रिकेट को खुदकुशी करने पर मजबूर कर दे। दरअसल, पाकिस्तान को वर्ल्ड कप में अपनी पसंद के वेन्यू पर खेलने की मंजूरी पहले ही मिल चुकी है। इसके अलावा ICC ने बता दिया हैं कि अगर पाकिस्तान टूर्नामेंट से हटता है तो उस पर सख्त एक्शन होगा। मसलन- एशिया कप से बैन, PSL के लिए विदेशी खिलाड़ियों की NOC पर रोक और ICC की मेंबरशिप फंडिंग पर कम्पलीट बैन।
इसीलिए माना जा रहा है कि PCB का यह रुख या धमकियां सिर्फ दबाव बनाने की कोशिश या कहें साजिश हैं। ….और हां, उसका इतिहास भी यही बताता है, इसकी ही गवाही देता है।

मैच 15 फरवरी को
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान का ग्रुप स्टेज मैच 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में होना था। अगर दोनों टीमें आगे बढ़तीं, तो फाइनल में भी आमना-सामना हो सकता था। हालांकि, पाकिस्तान ने अभी यह साफ नहीं किया है कि अगर फाइनल में भारत से भिड़ंत होती है, तो उनका रुख क्या होगा।


