मैं तो मजबूर हूं भाई: T20 WC में भारत के खिलाफ मैच बाॅयकाट पर सलमान अली आगा बोले- हमारा काम खेलना, बाकी बोर्ड जाने
Published:
3 min read

T20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होने जा रही है। इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान को ग्रुप A में रखा गया है। दोनों टीमों के बीच 15 फरवरी को श्रीलंका के कोलंबो में मुकाबला होना था।
स्पोर्ट्स डेस्क. T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत और पाकिस्तान के बीच एक बड़ा विवाद सामने आ गया है। पाकिस्तान सरकार ने टूर्नामेंट में खेलने की मंजूरी तो दी है, लेकिन भारत के खिलाफ होने वाले ग्रुप स्टेज मैच के बायकॉट का फैसला किया है। इस पर पाकिस्तान के T20 कप्तान सलमान आगा का बयान भी सामने आया है। आगा ने इस फैसले पर कहा- यह खिलाड़ियों का नहीं, सरकार का फैसला है।
श्रीलंका में मुकाबला
T20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होने जा रही है। इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान को ग्रुप A में रखा गया है। दोनों टीमों के बीच 15 फरवरी को श्रीलंका के कोलंबो में मुकाबला होना था। अब यह मैच नहीं होगा, क्योंकि पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ इस मैच का बाॅयकाट करने का फैसला लिया है।

जो सरकार कहेगी, वही करेंगे
पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक बयान जारी करते हुए कहा- पाकिस्तान क्रिकेट टीम को T20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने की अनुमति दी जाती है। हालांकि 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में टीम मैदान पर नहीं उतरेगी।ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे T20 मैच के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कप्तान आगा ने कहा- हम वर्ल्ड कप खेलने जा रहे हैं, लेकिन भारत के खिलाफ मैच न खेलने का फैसला हमारा नहीं है। हम कुछ नहीं कर सकते। हमारी सरकार और PCB
जो कहेगा, हमें वही मानना होगा।खिलाड़ी सिर्फ क्रिकेट खेलना चाहते हैं। उन्हें बोर्ड और सरकार के ऑर्डर मानने पड़ते हैं।
बता दें कि पाकिस्तान टीम इस समय शानदार फॉर्म में है। हाल ही में उसने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ T20 सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया। इस सीरीज में पाकिस्तान ने दो मैचों में 90 से ज्यादा रन से जीत हासिल की।

हालांकि पाकिस्तान के इस Partial Boycott के फैसले पर ICC ने सख्त रिएक्शन दिया। ICC ने कहा- किसी भी टूर्नामेंट में सभी टीमों से बराबरी के आधार पर खेलने की उम्मीद की जाती है और इस तरह का रवैया टूर्नामेंट की भावना के खिलाफ है।पाकिस्तान के इस फैसले का उसकी क्रिकेट पर असर पड़ सकता है। यह फैसला न तो वर्ल्ड क्रिकेट के लिए अच्छा है और न फैन्स के लिए। इसमें पाकिस्तान के लाखों क्रिकेट प्रेमी भी शामिल हैं।
ICC ने PCB से अपील की है कि वह इस मुद्दे का कोई ऐसा समाधान निकाले जिससे सभी पक्षों के हित सुरक्षित रहें और टूर्नामेंट अच्छा हो सके। सूत्रों के मुताबिक- पाकिस्तान का यह फैसला सिर्फ ग्रुप स्टेज मैच तक सीमित है। अगर आगे चलकर नॉकआउट मुकाबले में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने आते हैं तो उस पर अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है।
इंडिया-पाकिस्तान एक ही ग्रुप में
टी20 वर्ल्ड कप 2026 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होगा। पाकिस्तान टीम अपने सभी मैच श्रीलंका में ही खेलेगी। इंडिया और पाकिस्तान के बीच मुकाबला कोलंबो में 15 फरवरी को होना था।

टी20 वर्ल्ड कप के लिए दोनों टीमें
भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और रिंकू सिंह।

पाकिस्तान: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, साइम अय्यूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान और उस्मान तारिक।

