टी20 वर्ल्ड कप में मैच फिक्सिंग का आरोप: रिपोर्ट- लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सीधा कनेक्शन, बाजवा को कप्तान भी बनवाया
Published: Updated:
4 min read

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच में टॉस के दौरान कनाडा टीम के कप्तान दिलप्रीत बाजवा और न्यूजीलैंड के कप्तान डेरेल मिचेल। (@ICC)
स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हुए कनाडा Vs न्यूजीलैंड मैच जांच के दायरे में है। कथित तौर पर आरोप है कि यह मैच फिक्स था। इसको लेकर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने जांच भी शुरू कर दी है। अब इस मामले में एक बड़ा दावा किया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का इस मामले से सीधा संबंध है।
ICC की एंटी-करप्शन यूनिट (ACU) इस मामले मेंं कनाडा टीम के कप्तान दिलप्रीत बाजवा के जुड़े होने की जांच कर रही है। बाजवा ने इस मैच में एक बेवजह का ओवर किया था, जिसमें काफी रन दिए थे और विकेट भी नहीं मिला था। इसी के बाद से मैच फिक्सिंग का शक गहराया था और जांच शुरू हुई। ACU ने बाजवा का फोन भी चेक किया है।
बाजवा को टीम का कप्तान बनवाया
कनाडियन ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन (CBC) की रिपोर्ट के मुताबिक, लॉरैंस बिश्नोई गैंग का इस मामले में सीधा संबंध है। इस गैंग को कनाडा में आतंकी संगठन घोषित किया गया है। इसी गैंग पर सिंगर सिद्धु मूसेवाला के मर्डर का भी आरोप है। रिपोर्ट के मुताबिक, बाजवा के अचानक कनाडा टीम के कप्तान बनने पर भी इसी गैंग का हाथ है।

रेस्टोरेंट में एक खिलाड़ी को धमकाया
CBC के सूत्रों ने कहा- पिछली जुलाई 2025 को करीब 25 क्रिकेटर्स एक बड़ा घरेलू टूर्नामेंट जीतकर ब्रिटिश कोलंबिया के सरे शहर के एक रेस्टोरेंट में पहुंचे थे। इसी बीच इनमें से दो खिलाड़ी एक दूसरी टेबल पर पहुंचे, जहां कनाडा नेशनल टीम का एक स्टार खाना खा रहा था। इसी दौरान उन दो लोगों ने दावा किया कि वे लॉरेंस बिश्नोई गैंग से हैं। उन्होंने प्लेयर को धमकाया कि यदि दिलप्रीत बाजवा को सपोर्ट नहीं किया और प्रमोशन नहीं दिया तो उनके और उनकी फैमिली के लिए ठीक नहीं होगा।
इसी रिपोर्ट में नोहा नाम के व्यक्ति का भी जिक्र है, जिसे इसी गैंग ने धमकी दी थी। जांच में पता चला है कि यह गैंग बड़े-बड़े पदों पर अपने व्यक्ति को लाना चाहती है। इसका सेंटर पॉइंट बाजवा ही है, जिसे वर्ल्ड कप से ठीक पहले अचानक कप्तान बनाया गया था। इसकी काफी आलोचना भी हुई थी। नोहा ने कहा- मैंने भी इस फैसले का विरोध किया था। तब मुझे 40 मिनट के अंदर ही एक धमकी वाला मैसेज आया था। उन्होंने एक तस्वीर भी भेजी थी।
क्या कनाडा क्रिकेट के प्रेसिडेंट भी इसमें शामिल हैं?
CBC की रिपोर्ट में कथिततौर पर प्रेसिंडेट अरविंदर खोसा के इस गैंग से जुड़े होने का जिक्र है। हालांकि उन्होंने इससे इनकार किया और अपनी छवि खराब करने का एक प्रोपेगेंडा बताया। आरोप है कि बाजवा को कप्तान बनाने का प्रस्ताव रखने वालों में खोसा भी थे। तब वे प्रेसिडेंट नहीं थे।
रिपोर्ट में दावा है कि कनाडा टीम के पूर्व कोच खुर्रम चौहान, तब के प्रेसिडेंट अमजद बाजवा, CEO सलमान खान और बोर्ड मेम्बर राणा इमरान भी मैच फिक्सिंग में शामिल थे।

आखिर क्या हुआ था उस मैच में
दरअसल, टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कनाडा और न्यूजीलैंड के बीच ग्रुप मुकाबला 17 फरवरी को चेन्नई में हुआ था। मैच में कनाडा ने 174 रन का टारगेट दिया था। जवाब में न्यूजीलैंड के 3 ओवर में 35 रन पर 2 विकेट हो गए थे। यहां उलटफेर के चांस दिख रहे थे, लेकिन अगले ओवर ने सभी को चौंका दिया।
यह ओवर कप्तान और ऑफ स्पिनर बाजवा लेकर आए। जबकि इससे पहले डिलन हेइलिगर और साद बिन जफर ने 1-1 विकेट लिया था। उन्हें हटाकर बाजवा खुद आए और इस ओवर में बगैर विकेट लिए 15 रन बनवा दिए थे। फिर अगला ओवर जसकरण सिंह से करवाया था। यहां से न्यूजीलैंड को मोमेंटम मिला और उसने जीत हासिल की। इसी फैसले के बाद से मैच फिक्सिंग की शंका हुई और जांच में यह सब खुलासे हो रहे हैं।

