हमारे 4 प्लेयर का यह पहला T20 WC: सूर्या-पंड्या समेत 8 पिछले वर्ल्ड कप के विनर; 2007 के चैम्पियन अगरकर अब चीफ सिलेक्टर
Published:
3 min read

तिलक वर्मा और अभिषेक शर्मा का यह पहला टी20 वर्ल्ड कप होगा। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज आज (7 फरवरी) होगा। भारतीय टीम अपना पहला मैच अमेरिका के खिलाफ खेलेगी। टीम इंडिया में 4 खिलाड़ी ऐसे हैं, जो पहली बार टी20 वर्ल्ड कप खेल रहे हैं। जबकि 9 प्लेयर ऐसे हैं, जो पिछला टी20 वर्ल्ड कप जीत चुके हैं। उस टीम के 7 खिलाड़ी इस बार टीम से बाहर हैं।
मौजूदा 15 सदस्यीय टीम में 2 ऐसे प्लेयर हैं, जिन्होंने 2024 वर्ल्ड कप नहीं खेला, लेकिन इससे पहले यह टूर्नामेंट खेल चुके हैं। यह खिलाड़ी वरुण चक्रवर्ती और ईशान किशन हैं। यह दोनों 2021 टी20 वर्ल्ड कप खेले थे।
इन प्लेयर्स का लगातार दूसरा वर्ल्ड कप
2024 में जब टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप जीता था तब संजू सैमसन, सूर्यकुमार यादव, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव भी टीम का हिस्सा थे। ये सभी इस बार भी वर्ल्ड कप खेलने उतरेंगे।
ये 7 खिलाड़ी टीम से बाहर
हालांकि 7 ऐसे भी खिलाड़ी हैं, जो इस बार वर्ल्ड कप से बाहर हैं। यह प्लेयर पूर्व कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली, यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा और युजवेंद्र चहल हैं। इनमें से रोहित, कोहली और जडेजा ने टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया है।
2007 के चैम्पियन टीम का कोई प्लेयर नहीं
भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप का पहला यानी 2007 सीजन जीता था। इस टीम के रोहित शर्मा ने पिछला वर्ल्ड कप खेला था, लेकिन इस बार संन्यास के चलते नहीं खेल रहे हैं। ऐसे में 2007 टीम का कोई भी भारतीय प्लेयर टीम का हिस्सा नहीं होगा।
हालांकि एक संयोग ये भी है कि 2007 टीम में तेज गेंदबाज अजित अगरकर खेले थे। वे इस बार भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के चीफ सिलेक्टर हैं। उनकी लीडरशिप में ही वर्ल्ड कप के लिए टीम चुनी गई।
ये 4 प्लेयर पहली बार वर्ल्ड कप खेलेंगे
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अभिषेक शर्मा, रिंकू सिंह, तिलक वर्मा और वॉशिंगटन सुंदर को भी भारतीय टीम में चुना गया है। यह उनका पहला टी20 वर्ल्ड कप होगा। हालांकि रिंकू सिंह को पिछले वर्ल्ड कप के लिए रिजर्व में रखा गया था, लेकिन उन्हें इस बार 15 सदस्यीय टीम में जगह मिली है।
वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टी20 स्क्वॉड:
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वॉशिंगटन सुंदर और ईशान किशन (विकेटकीपर)।
टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारतीय स्क्वॉड
रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पंड्या (उपकप्तान), यशस्वी जयसवाल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमरा, मोहम्मद सिराज।
टी20 वर्ल्ड कप 2007 में भारतीय स्क्वॉड
महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), युवराज सिंह (उपकप्तान), गौतम गंभीर, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), वीरेंद्र सहवाग, रोहित शर्मा, रोबिन उथप्पा , पीयूष चावला, जोगिंदर शर्मा, यूसुफ पठान, इरफान पठान, अजित अगरकर, हरभजन सिंह, आरपी सिंह और श्रीसंत।

