पंड्या के शॉट से सिराज का घुटना चोटिल: साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच से पहले टीम इंडिया की टेंशन बढ़ी
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट टीम इस समय अहमदाबाद में है और टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 मुकाबले की तैयारी कर रही है। टीम का अगला मैच साउथ अफ्रीका के खिलाफ है। यह मुकाबला रविवार (22 फरवरी) को है, जो बेहद अहम माना जा रहा है। जो भी टीम जीतेगी, उसका सेमीफाइनल में पहुंचने का रास्ता काफी आसान हो जाएगा। यह मैच पिछले टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल की याद भी दिलाता है, इसलिए दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है।
हालांकि मैच से ठीक पहले टीम इंडिया के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। प्रैक्टिस सेशन के दौरान तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को चोट लग गई। बताया जा रहा है कि नेट प्रैक्टिस के दौरान हार्दिक पंड्या का शॉट सीधे सिराज के बाएं घुटने पर जा लगा। गेंद लगते ही सिराज दर्द से कराह उठे और कुछ समय तक मैदान पर ही बैठे रहे। बाद में उन्हें लंगड़ाते हुए नेट्स से बाहर जाते देखा गया। यह घटना अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुई। जहां टीम अभ्यास कर रही थी।

इंडिया के काफी प्लेयर बीमार
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक- सिराज को काफी दर्द हो रहा था। हालांकि अभी तक उनकी चोट को लेकर टीम की ओर से कोई ऑफिशियल बयान नहीं आया है। टीम इंडिया पहले ही इस टूर्नामेंट में फिटनेस और बीमारी की समस्याओं से जूझ रही है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और बल्लेबाज अभिषेक शर्मा एक-एक मैच बीमारी के कारण नहीं खेल पाए थे।
इसके अलावा वॉशिंगटन सुंदर भी ठीक नहीं रहे थे। टूर्नामेंट से पहले हर्षित राणा चोट के कारण बाहर हो गए थे, जिसके बाद सिराज को टीम में मौका मिला।
सिराज ने अब तक इस टूर्नामेंट में सिर्फ एक मैच खेला है, जो अमेरिका के खिलाफ था। उस मैच में उन्होंने तीन विकेट लेकर अच्छा प्रदर्शन किया था। बाकी मैचों में टीम में बुमराह और अर्शदीप सिंह को मौका मिल सकता। ऐसे में अगर सिराज की चोट गंभीर हुई, तो यह टीम के लिए बड़ा झटका होगा।
वरुण टीम के लिए अहम
इस बीच, भारत के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने स्पिनर वरुण चक्रवर्ती का सपोर्ट किया है। उन्होंने कहा कि वरुण टीम के लिए विकेट लेने वाले अहम गेंदबाज हैं। उन्होंने इस वर्ल्ड कप में और उससे पहले भी अच्छा प्रदर्शन किया है। मोर्कल ने कहा कि वरुण, बुमराह और बाकी गेंदबाज मिलकर टीम के लिए मजबूत गेंदबाजी आक्रमण तैयार करते हैं।
मोर्कल ने यह भी कहा कि किसी एक गेंदबाज पर पूरी जिम्मेदारी नहीं होती। अगर सभी गेंदबाज मिलकर दबाव बनाएंगे, तो टीम को सफलता जरूर मिलेगी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले से पहले टीम इंडिया के लिए सिराज की फिटनेस सबसे बड़ी चिंता बन गई है। अब सबकी नजर टीम मैनेजमेंट के अगले अपडेट पर टिकी है।

