T20 WC में हम हर लिहाज से भारी: सा. अफ्रीका को 7 में से 5 मैच हराए, आज अहमदाबाद में टक्कर; यहां कम्पलीट मैच प्रीव्यू
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में आज (22 फरवरी) 2 मैच खेले जाएंगे। दोपहर में 3 बजे से इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच मैच पल्लेकेल में होगा। दूसरा मैच शाम 7 बजे से भारतीय टीम और साउथ अफ्रीका के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा।
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में इंडिया और अफ्रीका के बीच अब तक 7 मैच खेले गए हैं। इसमें भारतीय टीम का पलड़ा भारी रहा, जिसने 5 मुकाबले अपने नाम किए। सिर्फ दो में अफ्रीकी टीम को जीत नसीब हुई।

भारतीय प्लेइंग-11 में एक बदलाव संभव
इस मैच के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग-11 में एक बदलाव हो सकता है। पिछले मैच में अक्षर पटेल की जगह वॉशिंगटन सुंदर को मौका दिया गया था। इस मैच में अक्षर की वापसी हो सकती है।
ओपनिंग में अभिषेक शर्मा के साथ ईशान किशन ही मोर्चा संभालते दिख सकते हैं। पेसर्स में जसप्रीत बुमराह के साथ अर्शदीप सिंह रहेंगे। दो ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे भी अहम भूमिका निभाएंगे।
पिच रिपोर्ट
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम के मैच हाई स्कोरिंग होते हैं। भारतीय टीम ने यहां पिछला मैच नीदरलैंड्स के खिलाफ काली मिट्टी की पिच पर खेला था। इस मैच में भारतीय टीम ने 69 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे। इसके बावजूद 6 विकेट पर 193 का स्कोर बनाया था।
दूसरी ओर नीदरलैंड्स की टीम ने भी 7 विकेट पर 176 रन बना दिए थे। शिवम दुबे ने 31 बॉल पर 66 रन बनाए थे। दो विकेट भी लिए थे। साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में भी इसी तरह की पिच की उम्मीद की जा रही है।

मौसम का हाल
अहमदाबाद में बारिश की कोई आशंका नहीं है। तापमान अधिकतम 36 और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आसमान साफ रहेगा।
कहां देख सकेंगे मैच
यह मैच टीवी चैनल स्टार स्पोर्ट्स पर लाइव देख सकेंगे। मोबाइल यूजर्स जियो हॉटस्टार पर लाइव मैच देख पाएंगे। राज एक्सप्रेस पर भी मैच के लाइव अपडेट्स रहेंगे।
इंडिया-अफ्रीका की पॉसिबल प्लेइंग-11
भारतीय टीम: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती।
साउथ अफ्रीका: एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डि'कॉक (विकेटकीपर), रेयान रिकेल्टन, डेवॉल्ड ब्रेविस, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, मार्को यानसेन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, कगिसो रबाडा/एनरिक नॉर्किया और लुंगी एनगिडी।

