बायकॉट के लिए पाकिस्तान का टेक्निकल दांव: फोर्स मेज्योर रूल का फायदा उठाया; जानिए इसके मायने क्या हैं
Published:
3 min read

10वें टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी से होगी। फाइनल 8 मार्च को खेला जाएगा।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट हमेशा से चर्चा का विषय रहा है। अब एक बार फिर टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। खबरों के मुताबिक- पाकिस्तान भारत के खिलाफ अपना मैच खेलने से मना कर सकता है। अगर ऐसा होता है तो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) पर ICC सख्त कार्रवाई कर सकता है। इसी से बचने के लिए पाकिस्तान ‘फोर्स मेज्योर’ नाम का नियम इस्तेमाल करने की सोच रहा है।
पहले मुद्दा समझते हैं
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला 15 फरवरी को श्रीलंका में होना तय है। हालांकि, पाकिस्तान सरकार साफ कर चुकी है कि उनकी टीम भारत के खिलाफ यह मैच नहीं खेलेगी। उसके प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ भी इस स्टैंड को दोहरा चुके हैं। अगर पाकिस्तान मैच नहीं खेलता है, तो ICC के नियमों के अनुसार भारत को सीधे दो अंक मिल जाएंगे। इसके अलावा, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को भारी जुर्माना और दूसरी सजाएं भी झेलनी पड़ सकती हैं।

अब जानिए कि ये ‘फोर्स मेज्योर’ क्या बला है
दरअसल, ‘फोर्स मेज्योर’ एक कानूनी शब्द यानी लीगल टर्म है। इसका मतलब ऐसे हालात से है जो अचानक और बिना सोचे-समझे सामने आ जाएं। मिसाल के तौर पर युद्ध, आपदा (नैचुरल डिजास्टर), सरकार का आदेश या कोई बड़ा संकट।
अगर कोई टीम यह साबित कर दे कि ऐसे हालात (जो ऊपर बताए गए हैं) में मैच खेलना मुमकिन नहीं था, तो उस पर सख्त कार्रवाई या फिर कार्रवाई ही नहीं होती।
खबरों के अनुसार- पाकिस्तान इसी नियम का सहारा लेना चाहता है या कहें ले रहा है। PCB यह दलील दे सकती है कि उन्हें सरकार की तरफ से भारत के खिलाफ मैच न खेलने का आदेश मिला, लिहाजा वो मैदान में न उतरने के लिए मजबूर हैं।

और BCCI क्या कह रहा है
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) पाकिस्तान की इस दलील से बिल्कुल सहमत नहीं है। BCCI का कहना है कि यह बहाना कमजोर है। उनका तर्क है कि जिस दिन पाकिस्तान सरकार ने बायकॉट की बात कही थी, उसी दिन पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ अंडर-19 वर्ल्ड कप मैच खेला था। उन्हें वहां तो कोई दिक्कत नहीं थी।
BCCI के एक अधिकारी ने कहा- PCB और पाकिस्तान सरकार में ज्यादा फर्क नहीं है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री खुद PCB के (पैट्रन-इन-चीफ) होते हैं। ऐसे में यह कहना कि बोर्ड सरकार से अलग है, बेबुनियाद तर्क है।

राजनीति और क्रिकेट का टकराव
BCCI का आरोप है कि पाकिस्तान और बांग्लादेश क्रिकेट में राजनीति घसीट रहे हैं। भारत सरकार कई बार साफ कर चुकी है कि विदेशी टीमों को पूरी सुरक्षा दी जाएगी। इसके बावजूद बांग्लादेश टीम भारत नहीं आई थी। अब पाकिस्तान भी इसी तरह का रवैया दिखा रहा है।BCCI का यह भी कहना है कि पहले से यह समझ बनी हुई है कि ICC टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान न्यूट्रल वेन्यू पर खेलेंगे। फिर भी मैच का बॉयकॉट करना सिर्फ विवाद खड़ा करने जैसा है।

आगे क्या हो सकता है
अगर पाकिस्तान अपने फैसले पर कायम रहता है, तो ICC को बीच में आकर फैसला लेना होगा। यह देखना होगा कि ‘फोर्स मेज्योर’ की ओट में पाकिस्तान की क्या दलील होती है। अगर ICC इसे नहीं मानती तो पाकिस्तान को न सिर्फ मैच गंवाना पड़ेगा, बल्कि फाइनेंशियल समेत कई सख्त कदमों का सामना करना पड़ेगा।


