पाकिस्तान इंटरनेशनल क्रिकेट से अलग हो सकता है : PSL पर भी खतरा, बांग्लादेश के सपोर्ट पर ICC की वॉर्निंग
Published:
3 min read

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान को इंटरनेशनल क्रिकेट में अलग किया जा सकता है। इसका असर पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) पर भी पड़ सकता है।
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बांग्लादेश को सपोर्ट करते हुए T20I वर्ल्ड कप 2026 से हटने की धमकी दी है। यदि वाकई पाकिस्तान टीम वर्ल्ड कप नहीं खेलती है तो यह उसे भारी पड़ सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने क्लियर वॉर्निंग दी है। पाकिस्तान को इंटरनेशनल क्रिकेट में अलग किया जा सकता है। इसका असर पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) पर भी पड़ सकता है।
PSL में विदेशी प्लेयर्स के एंट्री पर रोक
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ICC एक ऐसी पॉलिसी बना सकता है, जो विदेशी प्लेयर्स को पाकिस्तान सुपर लीग में खेलने से रोकेगी। इसमें अलग-अलग देशों के क्रिकेट बोर्ड अपने खिलाड़ियों को नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) देना बंद कर सकते हैं। साथ ही पाकिस्तान को फ्यूचर की बाइलेटरल सीरीज और एशिया कप से भी बाहर किया जा सकता है।

बांग्लादेश के समर्थन में PCB
PCB प्रमुख नकवी ने ICC पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा- अगर पाकिस्तान के लिए हाइब्रिड मॉडल अपनाया जा सकता है, तो बांग्लादेश के लिए क्यों नहीं? बांग्लादेश के साथ नाइंसाफी हुई है। एक देश के लिए नियम अलग और दूसरे के लिए अलग नियम नहीं हो सकते। बांग्लादेश भी पाकिस्तान और भारत की तरह ICC का पुराना सदस्य है।
क्या पाकिस्तान भी T20I वर्ल्ड कप का बाॅयकाट करेगा
जब नकवी से पूछा गया कि क्या पाकिस्तान भी बांग्लादेश की तरह वर्ल्ड कप नहीं खेलेगा, तो उन्होंने साफ कहा कि यह फैसला पाकिस्तान सरकार करेगी। हम सरकार के फैसले का पालन करेंगे। प्रधानमंत्री अभी देश से बाहर हैं। उनके लौटने के बाद ही अंतिम फैसला लिया जाएगा। हम ICC के नहीं, अपने देश की सरकार के निर्देश मानते हैं।
प्लान B, C और D भी तैयार
अगर पाकिस्तान वर्ल्ड कप नहीं खेलता है, तो क्या PCB के पास कोई और योजना है? इस पर नकवी ने कहा कि बोर्ड पूरी तरह तैयार है। पहले फैसला आने दीजिए। हमारे पास A, B, C और D सभी प्लान मौजूद हैं। पाकिस्तान अपने मैच भारत में न खेलकर श्रीलंका में खेलता है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी पाकिस्तान के सभी मैच कोलंबो में होने हैं। नकवी का कहना है कि यही सुविधा बांग्लादेश को भी मिलनी चाहिए।
भारत और पाकिस्तान टी-20 वर्ल्ड कप के एक ही ग्रुप में हैं। दोनों टीमों के बीच 15 फरवरी को कोलंबो में ग्रुप लीग मुकाबला खेला जाना है।
बांग्लादेश ने क्यों छोड़ा टी20 वर्ल्ड कप?
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने कहा कि उनकी टीम भारत में खेलने को लेकर खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही है। उन्होंने ICC से अनुरोध किया था कि उनके मैच भारत की जगह श्रीलंका में कराए जाएं, जैसे पाकिस्तान के मैच कराए जाते हैं। हालांकि ने इस मांग को मानने से इनकार कर दिया और टूर्नामेंट के शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं किया। इसके बाद बांग्लादेश ने 22 जनवरी को खिलाड़ियों से चर्चा करने के बाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 का बहिष्कार करने का फैसला लिया।
बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड शामिल
ICC ने कहा कि बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया है। स्कॉटलैंड को ICC टी20 टीम रैंकिंग के आधार पर वर्ल्ड कप में जगह मिली है। अब तक 9 टी20 वर्ल्ड कप सीजन हुए हैं, जिसमें से स्कॉटलैंड 6 सीजन (2007, 2009, 2016, 2021, 2022, और 2024) खेले हैं।
T20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप
ग्रुप A: भारत, पाकिस्तान, अमेरिका, नीदरलैंड, नामीबिया।
ग्रुप B: ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, आयरलैंड, जिम्बाब्वे, ओमान।
ग्रुप C: इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, स्कॉटलैंड, नेपाल, इटली।
ग्रुप D: न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका, अफगानिस्तान, कनाडा, यूएई।

