एक हार और हजार सवाल : अब टॉप 4 में कैसे पहुंचेंगे हम; सिर्फ 2 जीत ही नहीं, नेट रन रेट भी बेहतर चाहिए
Published:
3 min read

अहमदाबाद में टीम इंडिया 2023 के बाद पहली बार किसी ICC इवेंट में मैच हारी है। (फोटो क्रेडिट - @BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया को T20 वर्ल्ड कप 2026 में पहली हार मिली। रविवार (22 फरवरी) को साउथ अफ्रीका ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टीम इंडिया को 76 रन से हरा दिया। यह सुपर 8 का मैच था।
इस हार ने भारत की सेमीफाइनल की राह कुछ मुश्किल कर दी है। अहम बात यह है कि अब अगर हमारी टीम को सेमीफाइनल तक पहुंचना है तो अब उसके पास गलती की कतई गुंजाइश नहीं है।
सुपर 8 स्टेज का हर मैच लगभग नॉकआउट जैसा है। हार का सीधा इम्पैक्ट पॉइंट्स टेबल और नेट रन रेट पर पड़ता है। टीम इंडिया को अब सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अपने बाकी दोनों मैच जीतने होंगे।

भारत को T20 वर्ल्ड कप में अपनी सबसे बड़ी हार मिली। इससे पहले वह 2010 में ऑस्ट्रेलिया (49 रन) और 2016 में न्यूजीलैंड (47 रन) से बड़े अंतर से हारा था। (फोटो क्रेडिट - @BCCI)
अब टीम इंडिया के पास कितने मैच बचे हैं
भारत Vs जिम्बाब्वे – 26 फरवरी, चेन्नई
भारत Vs वेस्ट इंडीज – 1 मार्च, कोलकाता
सेमीफाइनल का कैलकुलेशन
अगर टीम इंडिया जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज दोनों को हरा देती है तो उसे 4 पॉइंट्स मिलेंगे।
अगर साउथ अफ्रीका अपने तीनों मैच जीत जाता है तो उसके 6 पॉइंट्स हो जाएंगे। वह ग्रुप में टॉप पर रहेगा। उस सिचुएशन में टीम इंडिया 4 पॉइंट्स के साथ दूसरी सबसे अच्छी टीम के तौर पर सेमीफाइनल में पहुंच सकती है।
अगर टीम इंडिया वेस्ट इंडीज या जिम्बाब्वे से हार जाती है तो उम्मीद लगभग खत्म हो जाएगी। फिर टीम को दूसरे मैच के रिजल्ट पर डिपेंड रहना होगा।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ 111 रन पर ऑल आउट होना T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत का तीसरा सबसे कम स्कोर है।
NRR सबसे बड़ा फैक्टर
अभी टीम इंडिया का नेट रन रेट -3,800 है। यह अच्छा नहीं है। इसलिए सिर्फ जीतना काफी नहीं होगा। एक बड़ी जीत जरूरी है। अगर 2 या 3 टीमें 4-4 पॉइंट्स के साथ खत्म करती हैं तो फैसला नेट रन रेट के मुताबिक होगा। ऐसे में टीम को बड़े मार्जिन से मैच जीतकर नेट रन रेट NRR सुधारना होगा।
बारिश भी बिगाड़ सकती है खेल
सुपर 8 के लिए कोई रिजर्व डे नहीं है। अगर बारिश की वजह से मैच रद्द हो जाता है तो दोनों टीमों को 1-1 पॉइंट मिलेगा। इसके बाद भारत का सेमीफाइनल का सपना टूट जायेगा।
मान लीजिए भारत का कोई मैच बारिश से रद्द हो जाता है, तो टीम को सिर्फ 1 पॉइंट मिलेगा। तब सेमीफाइनल की उम्मीद लगभग खत्म हो सकती है।
हालांकि, फाइनल स्टैंडिंग दूसरे ग्रुप रिजल्ट पर भी डिपेंड करेगी। कुल मिलाकर यह साफ है कि भारत को दोनों मैच जीतने होंगे। बड़े अंतर से जीतना होगा। तभी वे सेमीफाइनल में जगह पक्की कर पाएंगे।

2023 ODI वर्ल्ड कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हारने के बाद टीम इंडिया ICC टूर्नामेंट में 18 मैच में हारी नहीं थी।

