हर्षित राणा टी20 वर्ल्ड कप से बाहर: वॉर्मअप मैच में चोट लगी; सिराज को टीम में शामिल किया
Published: Updated:
2 min read

हर्षित राणा को टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया था। उनके प्लेइंग 11 में खेलने की भी पूरी उम्मीद थी।
स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से ठीक पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। पेसर हर्षित राणा के चोट की वजह से टूर्नामेंट से बाहर होने की खबर आई हैं। भारतीय टीम को अपना पहला मैच 7 फरवरी को USA के खिलाफ खेलना है। यह मैच मुंबई के वानखेडे स्टेडियम में होगा।
हर्षित को वॉर्मअप मैच के दौरान चोट लगी। वे पूरी तरह फिट नहीं हो पाए। मेडिकल टीम ने उन्हें आगे खेलने के लिए फिट नहीं माना। साथ ही सर्जरी की सलाह दी है। BCCI की सिलेक्शन कमेटी ने हर्षित की जगह बतौर रिप्लेसमेंट मोहम्मद सिराज को वर्ल्ड कप टीम में शामिल कर लिया है।
प्रैक्टिस मैच में चोट लगी
हर्षित राणा को टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया था। उनके प्लेइंग 11 में खेलने की भी पूरी उम्मीद थी। साउथ अफ्रीका के खिलाफ 4 फरवरी को खेले गए वॉर्मअप मैच में गेंदबाजी के दौरान उनके घुटने में चोट लग गई। उस मैच में हर्षित सिर्फ एक ओवर ही डाल सके। इसके बाद मैदान छोड़कर बाहर चले गए थे।
रन-अप के दौरान दिक्कत हुई
वॉर्मअप मुकाबले के दौरान हर्षित की परेशानी साफ नजर आई। एक ही ओवर में 2 बार अपना रन-अप पूरा नहीं कर सके। डिलीवरी से ठीक पहले पीछे हट गए। थोड़ी देर बाद उन्हें घुटना पकड़कर दर्द में कराहते हुए देखा गया। वे लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए। उस एक ओवर में उन्होंने 16 रन दिए थे।
कप्तान ने क्या अपडेट दिया
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में हर्षित के बाहर होने की पुष्टि नहीं की थी। कप्तान ने कहा था - उनकी हालत अच्छी नहीं है। शाम तक स्थिति साफ होगी।
टीम इंडिया की बॉलिंग पर असर
हर्षित राणा की गैरमौजूदगी से भारतीय टीम का फास्ट बॉलिंग अटैक कमजोर होगा। टीम के पास अब सिर्फ जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह ही मेन पेसर हैं। हर्षित बॉलिंग के साथ निचले क्रम में रन भी बनाते थे। इसलिए उनकी गैरमौजूदगी टीम के लिए बड़ी टेंशन है।

