बांग्लादेश ने अपने ही प्लेयर्स को धोखा दिया: T20 WC से बायकॉट के लिए उकसाने वाले अफसर की बोर्ड में वापसी, फाइनेंस कमेटी का हेड बनाया
Published:
3 min read

गुरुवार 15 जनवरी को ढाका में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्लेयर्स एसोशिएसन के मेंबर। (फोटो क्रेडिट : @Prothom Alo)
स्पोर्ट्स डेस्क. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने एक बार फिर अपने ही खिलाड़ियों का भरोसा तोड़ दिया। ICC की ओर से 2026 T20 वर्ल्ड कप से बाहर किए जाने के कुछ ही घंटे बाद बोर्ड ने अपना फैसला बदल दिया। BCB ने एम. नजमुल इस्लाम को फाइनेंस कमेटी का हेड फिर से बना दिया।
दरअसल, नजमुल ने पूर्व कप्तान तमीम इकबाल को इंडियन एजेंट कहा था। उन्होंने तो यहां तक कह दिया था कि अगर टीम वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं लेती है तो खिलाड़ियों को कोई मुआवजा नहीं मिलना चाहिए। खराब परफॉर्मेंस के लिए खिलाड़ियों से पैसे वापस मांगने के सुझाव भी दिए थे।
नजमुल को हटाया
इस स्टेटमेंट से नाराज होकर खिलाड़ियों ने BBL के 2 मैच बॉयकॉट कर दिया था। बॉयकॉट की अगुवाई बांग्लादेश क्रिकेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रेसिडेंट मोहम्मद मिथुन ने की थी। उनके साथ नजमुल हुसैन शांतो और मेहदी हसन मिराज भी शामिल थे। इसके बाद BCB ने नजमुल को पद से हटा दिया था। इसके बाद खिलाड़ियों ने अपना विरोध खत्म कर दिया। फिर खेलना शुरू कर दिया।
BCB का यू टर्न
इसके बाद ICC ने शनिवार (26 जनवरी) को बांग्लादेश को T20 वर्ल्ड कप से डिसक्वॉलिफाई कर दिया। उनकी जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया गया। इस बीच बांग्लादेशी मीडिया में ऐसी खबरें आ रही हैं कि बोर्ड को नजमुल की सफाई ठीक लगी। इसके तुरंत बाद उन्हें फिर फाइनेंस कमेटी का हेड बना दिया गया।
आखिर ये विवाद क्यों
यह मामला बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से रिलीज किए जाने से शुरू हुआ। बताया गया कि BCCI ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कोलकाता टीम से कहा कि वह इस खिलाड़ी को नहीं रख सकती। इस फैसले के बाद बांग्लादेश में काफी नाराजगी देखने को मिली। भारत में होने वाले T20I वर्ल्ड कप के लिए बांग्लादेश ने आने से इनकार कर दिया। ICC ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को वर्ल्ड कप के लिए इनवाइट किया।
बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद वहां हिंदुओं पर हमले बढ़ गए हैं। अब तक 11 हिंदुओं की हत्या की जा चुकी है। इसको लेकर भारत में बेहद गुस्सा है। भारतीय मोदी सरकार से बांग्लादेश के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की मांग कर रहे हैं। इसी कड़ी में रहमान को IPL से बाहर किया गया, फिर बांग्लादेश ने टी20 वर्ल्ड कप का बायकॉट किया और अब उसकी जगह स्कॉटलैंड वर्ल्ड कप खेलेगी।

