नो सिक्स, नो डॉक्यूमेंट्री: पाकिस्तानी ओपनर फरहान डक पर आउट, अधूरा रह गया डॉक्यूमेंट्री का सपना
Published:
3 min read

हार्दिक पंड्या ने साहिबजादा फरहान को पवेलियन भेजा। फरहान 4 बॉल खेलकर खाता नहीं खोल सके। उनका कैच रिंकू सिंह ने लिया।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत ने ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान को हराकर T20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 स्टेज में जगह बना ली है। दोनों टीमों के बीच यह मैच रविवार (15 फरवरी) को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया। भारत ने मैच 61 रन से जीता। पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान सोशल मीडिया पर ट्रोल हुए। वे मैच में 4 बॉल खेलकर खाता नहीं खोल सके थे।
मैच से पहले फरहान का एक वीडियो वायरल हुआ था। एक फैन ने उन्हें जसप्रीत बुमराह की गेंदों पर सिक्स मारने पर 32 घंटे की फिल्म बनाने का सुझाव दिया था। इससे पहले एशिया कप 2025 के दौरान भी उनका एक डॉक्यूमेंट्री बनाने वाला वीडियो भी चर्चा में था। इस वीडियो में फैन ने बुमराह के खिलाफ बड़े शॉट खेलने के लिए कहा था।
हालांकि कोलंबो मैच में फरहान खाता भी नहीं खोल सके। ऐसे में बुमराह की गेंद पर छक्का मारने की बात वीडियो तक ही सीमित रही। मैच में ऐसा नहीं हुआ।
कहानी कुछ और ही थी
15 फरवरी की शाम को मैदान पर कहानी कुछ और ही थी। 176 रन के टारगेट का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही थी। पहले ही ओवर में फरहान ने हार्दिक पंड्या की बॉल पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की। बॉल ऊंची चली गई, जिसे रिंकू सिंह ने कैच किया। फरहान 4 बॉल के बाद बिना कोई रन बनाए आउट हो गए।
सोशल मीडिया पर मीम्स
साहिबजादा के आउट होते ही सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई। स्टार स्पोर्ट्स इंडिया ने एक्स पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, नो सिक्सेस, नो डॉक्यूमेंट्री, ऐसा कैसे हो सकता है। इस पोस्ट में हार्दिक और रिंकू को टैग किया गया।
हम इस वीडियो की बात कर रहे हैं जो मैच से पहले वायरल हो रही थी ,देखें
फैंस ने भी फरहान को ट्रोल किया और कहा - पहले बल्ला बोले, फिर बयान दें।
पाकिस्तान 114 पर ऑलआउट
मैच की बात करें तो पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग चुनी। टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही। अभिषेक शर्मा 0 पर आउट हो गए। ईशान किशन ने 40 बॉल में 77 रन बनाए। इसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल थे। सूर्यकुमार यादव ने 32 रन बनाए। वहीं शिवम दुबे ने 17 बॉल में 27 रन की पारी खेली। टीम इंडिया ने 6 विकेट पर 175 रन बनाए।
जवाब में पाकिस्तान की टीम 114 रन पर ऑल आउट हुई। जसप्रीत बुमराह ने सैम अयूब और कप्तान सलमान अली आगा को आउट किया। बीच में उस्मान खान ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। इस तरह टीम इंडिया ने मैच बड़े मार्जिन से जीत लिया, जिससे पाकिस्तान का सुपर 8 में पहुंचना मुश्किल सा हो गया है।

