टी20 वर्ल्ड कप 2024 फाइनल: कोहली, अक्षर और हार्दिक ने चैंपियन बनाया था, अब टाइटल डिफेंड करने की बारी
Published:
3 min read

टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल में भारत ने रोमांचक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया था।
स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल में भारत ने रोमांचक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया था। इस जीत के साथ भारत ने ICC ट्रॉफी जीतने का लंबा इंतजार खत्म किया। बड़े मैच में विराट कोहली ने जिम्मेदारी भरी पारी खेली, जबकि अक्षर पटेल और हार्दिक पांड्या ने दबाव में भी शानदार प्रदर्शन कर टीम को यादगार जीत दिलाई। अब सवाल ये है कि 2026 में क्या सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया इस टाइटल को डिफेंड कर पाएगी।
टी20 वर्ल्ड कप 2024 का फाइनल रोमांचक रहा। बारबाडोस के केंसिंग्टन ओवल मैदान पर खेले गए इस मैच में भारत और दक्षिण अफ्रीका आमने-सामने थे। दोनों ही टीमें पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारी थीं, इसलिए फाइनल से पहले माहौल काफी जबरदस्त था।
शुरुआत ठीक न रही
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। कप्तान रोहित चाहते थे कि बोर्ड पर अच्छा स्कोर खड़ा किया जाए। लेकिन शुरुआत भारत के लिए अच्छी नहीं रही। रोहित और ऋषभ पंत जल्दी आउट हो गए और भारत का स्कोर 23 रन पर दो विकेट हो गया। इसके बाद सूर्यकुमार यादव भी ज्यादा देर टिक नहीं पाए और भारत दबाव में आ गया था।

इंडिया ने 176 रन का टारगेट दिया था
ऐसे मुश्किल समय में विराट ने एक छोर संभाले रखा। पूरे टूर्नामेंट में उनका बल्ला खामोश रहा था, लेकिन फाइनल जैसे बड़े मैच में उन्होंने अनुभव दिखाया। हालांकि शुरुआत में वह थोड़ा धीमे खेले, लेकिन टीम को संभालकर रखा।मैच का टर्निंग पॉइंट तब आया जब अक्षर पटेल को ऊपर बल्लेबाजी के लिए भेजा गया। अक्षर ने 31 गेंद में 47 रन बनाए। उनकी पारी ने भारत को फिर से मैच में ला दिया। शिवम दुबे ने भी तेज 27 रन बनाकर रन गति बढ़ाई। अंत के ओवरों में विराट कोहली ने गियर बदला और तेजी से रन बटोरे। उन्होंने 76 रन की अहम पारी खेली और भारत का स्कोर 20 ओवर में 176 रन तक पहुंचाया।

भारत ने 7 रन से मैच जीत लिया
दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह ने शुरुआती झटके दिए। इसके बावजूद क्विंटन डिकॉक और ट्रिस्टन स्टब्स ने टीम को संभाल लिया। हेनरिक क्लासेन की तेज पारी के बाद तो ऐसा लगने लगा था कि मैच दक्षिण अफ्रीका की पकड़ में चला गया है।लेकिन यहीं से भारत ने शानदार वापसी की।

बुमराह ने कसी हुई गेंदबाजी की, हार्दिक पांड्या ने अहम विकेट निकाले और अर्शदीप ने आखिरी ओवरों में रन रोक दिए। आखिरी ओवर में 16 रन चाहिए थे, लेकिन हार्दिक ने दबाव में शानदार गेंदबाजी की।मैच का सबसे यादगार पल तब आया जब सूर्यकुमार यादव ने बाउंड्री लाइन पर शानदार कैच पकड़कर मैच का रुख पलट दिया। अंत में दक्षिण अफ्रीका की टीम 169 रन ही बना सकी और भारत ने 7 रन से मैच जीत लिया।इस जीत के साथ भारत ने टी20 वर्ल्ड कप का खिताब दूसरी बार जीता और ICC ट्रॉफी न जीत पाने का लंबा इंतजार खत्म किया। विराट कोहली को उनकी शानदार पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। यह जीत भारतीय क्रिकेट के लिए हमेशा याद रखी जाएगी।

टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और रिंकू सिंह।

