T20 क्रिकेट के सबसे एग्रेसिव पेसर: मलिंगा या बुमराह? दुनियाभर में यही दो ऐसे गेंदबाज, जिनकी इकॉनमी 7.5 से कम
Published:
3 min read

T20 इंटरनेशनल में बुमराह और मलिंगा दोनों ने 107-107 विकेट लिए।
स्पोर्ट्स डेस्क. T20 क्रिकेट को अक्सर बल्लेबाजों का खेल कहा जाता है, जहां बड़े शॉट्स और तेज रन बनाने का बोलबाला रहता है। इस फॉर्मेट में कुछ ऐसे तेज गेंदबाज भी हुए हैं जिन्होंने बल्लेबाजों के आत्मविश्वास को बार-बार तोड़ा। लसिथ मलिंगा और जसप्रीत बुमराह ऐसे ही दो नाम हैं, जिन्होंने अपने-अपने दौर में T20 क्रिकेट की दिशा बदल दी। एक ने इस फॉर्मेट की नींव के समय गेंदबाजों को पहचान दिलाई, तो दूसरा आज बड़े से बड़े बल्लेबाजों को घुटनों पर ला देता है।
मलिंगा से बुमराह तक का सफर
लसिथ मलिंगा सिर्फ बुमराह से पहले के बेस्ट गेंदबाज नहीं थे, बल्कि वे IPL में बुमराह के पहले इंस्पायर भी रहे। अपने अजीब एक्शन और यॉर्कर की सटीकता के कारण मलिंगा बल्लेबाजों के लिए डर का नाम बन चुके थे। उन्होंने बुमराह को यह विश्वास दिलाया कि अलग सोच से भी इंटरनेशनल क्रिकेट में लंबा कॅरियर बनाया जा सकता है। आज करीब 13 साल बाद, दोनों के आंकड़े एक-दूसरे के बेहद करीब खड़े हैं।

T20 इंटरनेशनल में आंकड़ों की बराबरी
अगर T20 इंटरनेशनल के आंकड़ों पर नजर डालें, तो मलिंगा और बुमराह के बीच फर्क करना बेहद मुश्किल हो जाता है। मलिंगा ने 83 पारियों में 107 विकेट लिए थे और इसके लिए उन्होंने 1799 गेंदें डाली थीं। वहीं बुमराह ने भी 83 पारियों में ही अपना 107वां विकेट लिया, हालांकि उन्हें इसके लिए 1805 गेंदें लगीं। दुनिया के 12 फुल-मेंबर देशों में सिर्फ यही दो तेज गेंदबाजे हैं जिनकी इकॉनमी 7.5 से कम, स्ट्राइक रेट 17 गेंदों से कम और औसत 21 से नीचे है।

इकॉनमी में बुमराह, विकेट में मलिंगा आगे
रन रोकने के मामले में जसप्रीत बुमराह का रिकॉर्ड असाधारण है। उनकी T20 इंटरनेशनल इकॉनमी 6.44 है, जो आज के दौर में किसी भी तेज गेंदबाज के लिए बेहद खास मानी जाती है। वहीं मलिंगा की इकॉनमी 7.42 रही। लेकिन विकेट जल्दी निकालने के मामले में मलिंगा थोड़े आगे हैं। मलिंगा हर 16.8 बाॅल पर विकेट लेते थे, जबकि बुमराह को एक विकेट के लिए औसतन 17 गेंदें लगती हैं।

डेथ ओवर्स में कहर
दोनों गेंदबाजों की सबसे बड़ी ताकत डेथ ओवर्स रहे हैं। मैच के आखिरी 4 ओवरों में मलिंगा हर 11.3 गेंद पर विकेट निकालते थे। जबकि बुमराह हर 11.9 गेंद पर विकेट लेते हैं। हालांकि बुमराह की खास बात यह है कि वे इन ओवरों में भी बेहद कम रन देते हैं। डेथ ओवर्स में उनकी इकॉनमी 6.97 है, जो आधुनिक T20 क्रिकेट में किसी चमत्कार से कम नहीं मानी जाती।

सबसे बेहतर कौन?
अगर विकेट में देखा जाए मलिंगा इस मामले में आगे हैं। उन्होंने अपने कॅरियर में 15 बार एक मैच में 4 या उससे ज्यादा विकेट लिए। इसके मुकाबले बुमराह ने ऐसा सिर्फ 5 बार किया है और T20 इंटरनेशनल में अभी तक एक बार भी नहीं। यही कारण है कि मलिंगा को सबसे आक्रामक T20 तेज गेंदबाज माना जाता है।

