सिडनी टेस्ट 3 दिन तक चलना चाहिए: ऑस्ट्रेलियाई PM अल्बनीज बोले- तीसरे दिन हम ब्रेस्ट कैंसर अवेयरनेस डे मनाते हैं
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने सिडनी में होने वाले आखिरी एशेज टेस्ट से पहले ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की क्रिकेट टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में दोनों टीमों से अपील की कि सिडनी टेस्ट कम से कम तीन दिन तक जरूर चले। क्योंकि तीसरा दिन जेन मैक्ग्रा डे के तौर पर बहुत खास माना जाता है।
गुरुवार को सिडनी में किरिबिली हाउस में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की क्रिकेट टीमों के खिलाड़ियों को आमंत्रित किया गया। यह कार्यक्रम हर बार नए साल के मौके पर होता है और इस बार यह एशेज सीरीज के 5वें और आखिरी टेस्ट मैच से पहले यह फंक्शन हुआ था।
PM ने दोनों टीम को इनवाइट किया
इस मेहमाननवाजी के दौरान माहौल काफी हल्का-फुल्का रहा। प्रधानमंत्री ने हाल ही में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए बॉक्सिंग डे टेस्ट का जिक्र किया, जो सिर्फ दो दिन में ही खत्म हो गया था। उन्होंने मजाक में कहा कि सिडनी टेस्ट को जल्दी खत्म न किया जाए और यह कम से कम तीसरे दिन तक जरूर पहुंचे।
सिडनी का तीसरा दिन बेहद खास
दरअसल, सिडनी टेस्ट का तीसरा दिन बहुत खास होता है। इस दिन को जेन मैक्ग्राथ डे के रूप में मनाया जाता है। यह दिन ब्रेस्ट कैंसर के बारे में जागरूकता फैलाने और इससे प्रभावित परिवारों की मदद के लिए समर्पित होता है। यह पहल ऑस्ट्रेलिया के पूर्व पेसर ग्लेन मैक्ग्राथ चलाते हैं। उनकी पत्नी जेन मैक्ग्रा का निधन ब्रेस्ट कैंसर के कारण हुआ था।

प्रधानमंत्री ने X पर पोस्ट किया
बाद में X पर ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने लिखा- यह एशेज सीरीज बाकी सभी से अलग रही है। सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पिंक रंग में रंग जाएगा, जहां ऑस्ट्रेलियाई फैंस और इंग्लैंड की बार्मी आर्मी मिलकर मैक्ग्राथ फाउंडेशन का समर्थन करेंगे। यह कार्यक्रम करीब 90 मिनट तक चला। प्रधानमंत्री और उनकी पत्नी जोडी हेडन ने मेहमानों के लिए सीफूड डिनर का इंतजाम किया था। इस मौके पर दोनों टीमों के खिलाड़ी, अधिकारी और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बड़े अधिकारी मौजूद थे।
अगर सीरीज की बात करें ऑस्ट्रेलिया पहले ही 3-1 की बढ़त के साथ एशेज अपने नाम कर चुका है। एशेज का आखिरी टेस्ट 4 जनवरी से सिडनी में खेला जाएगा।

