पाकिस्तान चाहता है तो अभिषेक जरूर खेलेगा: सलमान को सूर्या का जवाब; कल इंडिया Vs पाकिस्तान मैच
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार (15 फरवरी) को भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होने वाला है। यह मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबले से एक दिन पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
इस दौरान सूर्या ने एक सवाल पर बगैर नाम लिए सीधे सलमान को जवाब दिया। सूर्या ने कहा कि यदि पाकिस्तान चाहता है कि अभिषेक शर्मा रविवार वाला मैच खेले, तो वो जरूर खेलेगा।
अभिषेक बीमारी के चलते बाहर हैं
दरअसल, भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा कुछ दिन पहले बीमार हुए थे। इस वजह से उन्होंने नामीबिया के खिलाफ पिछला मैच नहीं खेला था। तब सूर्या ने कहा था कि हो सकता है अभिषेक अगला यानी पाकिस्तान के खिलाफ मैच भी ना खेल पाए।
ऐसे में प्रेस कॉन्फ्रेंस में सलमान से पूछा गया कि अभिषेक शायद मैच नहीं खेलेंगे तो क्या पाकिस्तान को फायदा होगा। इस पर सलमान ने कहा- मैं उम्मीद करता हूं कि अभिषेक शर्मा मैच खेलें। मुझे उम्मीद है कि वह ठीक हो रहे हैं। हम बेस्ट टीम के खिलाफ खेलना चाहते हैं।
सूर्या ने दिया सलमान को जवाब
इसके बाद दूसरी कॉन्फ्रेंस में सूर्या ने सलमान को जवाब दिया। भारतीय कप्तान के सामने सलमान का जवाब सुनाया गया। इस पर सूर्या ने अपनी फेमस मुस्कान के साथ कहा- यदि पाकिस्तान चाहता है कि अभिषेक शर्मा यह मैच खेले, तो वो जरूर खेलेगा।
टी20 वर्ल्ड कप में इंडिया के खिलाफ पाकिस्तान ने अब तक 8 में से सिर्फ एक ही जीता है। भारतीय टीम ने 7 मुकाबले जीते हैं। इस पर सलमान ने कहा- वर्ल्ड कप में इंडिया के खिलाफ हमारा रिकॉर्ड अच्छा नहीं है, लेकिन हम इतिहास नहीं बदल सकते।
इस टी20 वर्ल्ड कप में दोनों स्क्वॉड
भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और रिंकू सिंह।
पाकिस्तानी टीम: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, साइम अय्यूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान और उस्मान तारीक।

