500 साल पुरानी अडालज बावड़ी में फोटोशूट: भारतीय कप्तान सूर्या ने T20 WC ट्रॉफी के साथ फोटोशूट, तिलक ने ट्रॉफी के साथ ब्रश किया
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल रविवार (8 मार्च) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। इंडिया लगातार दूसरी और ओवरऑल तीसरी बार यह ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बन गई है।
सोमवार को भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ट्रॉफी के साथ फोटोशूट कराया। यह फोटोशूट अहमदाबाद से 18 किमी दूर अडालज की बावड़ी में हुआ।
बावड़ी का निर्माण 1499 ईस्वी में हुआ
अडालज नी वाव (अडालज बावड़ी) गुजरात के गांधीनगर के पास स्थित है। यह एक पांच-मंजिला सीढ़ीदार कुआं (Stepwell) है, जिसका निर्माण 1499 ईस्वी में हुआ था। वघेला वंश के राणा वीर सिंह की याद में रानी रुदाबाई ने बनाया था।
दूसरी ओर तिलक वर्मा हाथ में वर्ल्डकप ट्रॉफी लेकर ब्रश करते दिखाई दिए। इसकी फोटो उन्होंने खुद इंस्टाग्राम पर शेयर की। मोहम्मद सिराज की जर्सी के 7 नंबर पर ‘BELIEVE’ लिखा नजर आया।
फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया
इस फाइनल में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया ने 5 विकेट पर 255 रन बनाए। न्यूजीलैंड टीम 19 ओवर में 159 रन ही बना सकी। इस तरह भारत ने 96 रन से मैच और खिताब जीत लिया। संजू सैमसन ने 89 रन की पारी खेली। पेसर जसप्रीत बुमराह ने 4 और स्पिनर अक्षर पटेल ने 3 विकेट लिए।

