ईशान किशन नंबर-3 पर खेलेंगे: टी20 सीरीज से पहले कप्तान सूर्या खराब फॉर्म पर बोले- मैं अपनी पहचान नहीं बदलूंगा
Published:
3 min read

सूर्यकुमार यादव के लिए पिछला साल यानी 2025 एकदम खराब रहा था। इस साल उन्होंने टीम इंडिया के लिए 21 टी20 मैच खेले, जिसकी 19 पारियों में सिर्फ 218 रन बनाए। (@ANI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम अपने घर में न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 टी20 की सीरीज खेलेगी। इसका पहला मैच आज (21 जनवरी) नागपुर में खेला जाएगा। इससे पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें अपनी खराब फॉर्म, ईशान किशन समेत बाकी चीजों पर बात की। सूर्या ने कन्फर्म कर दिया है कि विकेटकीपर ईशान को पहले मैच में मौका मिलेगा।
सूर्या ने कहा कि ईशान को नंबर-3 पर खिलाया जाएगा। साथ ही अपनी खराब फॉर्म को लेकर सूर्या ने कहा कि वे अपनी पहचान को नहीं बदलेंगे। वे जिस अंदाज में खेलते आए हैं, उसी स्टाइल में आगे भी खेलते रहेंगे।
ईशान नंबर-3 पर बैटिंग के लिए बेस्ट ऑप्शन
सूर्या ने कहा- ईशान किशन नंबर-3 पर खेलेंगे। वे टी20 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा भी हैं। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में भी शानदार प्रदर्शन किया है, इसलिए मुझे लगता है कि वे आगे मैच में खेलने का हक रखते हैं। दुर्भाग्य से तिलक वर्मा टीम में नहीं है, तो मैं मानता हूं कि ईशान नंबर-3 पर बैटिंग के लिए बेस्ट ऑप्शन है।
27 साल के ईशान ने 32 T20I खेले, जिसमें 25.67 के एवरेज से 796 रन बनाए। इस दौरान ईशान ने 4 मैच में नंबर-3 पर बैटिंग की, जिसमें 28.50 के एवरेज से 114 रन बनाए। इसमें दो फिफ्टी भी शामिल है। दूसरी ओर तिलक चोट के कारण टीम से बाहर हैं।
पिछले साल सूर्या का फ्लॉप परफॉर्मेंस
सूर्या के लिए पिछला साल यानी 2025 एकदम खराब रहा था। इस साल उन्होंने टीम इंडिया के लिए 21 टी20 मैच खेले, जिसकी 19 पारियों में सिर्फ 218 रन बनाए। इस दौरान उनका एवरेज 13.62 रहा, जबकि हाइस्कोर 47 बनाया था।
अपनी पहचान नहीं बदलेंगे कप्तान सूर्या
सूर्या ने कहा- हमारे लिए सीरीज का हर एक मैच अहम होता है। हम उससे कुछ सीखने की कोशिश करते हैं। मैं नेट्स में काफी अच्छी बैटिंग कर रहा हूं। रनों की बात करें तो यह जरूर आएंगे, लेकिन मैं कुछ अलग नहीं करना चाहता हूं। मैं अपनी पहचान नहीं बदलना चाहता। मुझे 3-4 साल में जो कुछ भी मिला है, वो इसी पहचान से मिला है।
उन्होंने कहा- मैं इसी अंदाज में बैटिंग करना चाहता हूं। अगर सफलता मिलती है, तो ठीक है। नहीं मिली तो मैं फिर से कड़ी मेहनत करूंगा। खूब प्रैक्टिस करूंगा और मजबूती से वापसी करूंगा।
सीरीज और वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टी20 स्क्वॉड:
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (पहले 3 मैच के लिए), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई और ईशान किशन (विकेटकीपर)।

