अभिषेक अगला मैच खेलेंगे, संजू बाहर रहेंगे: कप्तान सूर्या का हिंट, कहा- उन्होंने पिछले साल हमारा साथ दिया, अब हमारी बारी
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब सुपर-8 राउंड में एंट्री कर चुका है। भारतीय टीम का पहला मैच साउथ अफ्रीका के खिलाफ कल (22 फरवरी) होगा। इस मैच के लिए ओपनर अभिषेक शर्मा को भारतीय प्लेइंग-11 में जगह मिलेगी। इस बात का हिंट खुद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने दिया है।
अभिषेक इस समय खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। अभिषेक शर्मा का यह पहला टी20 वर्ल्ड कप है और उन्होंने अब तक खाता नहीं खोला। इस भारतीय ओपनर ने 3 मैच खेले और तीनों में डक पर आउट हुए।
अभिषेक की जो चिंता कर रहे, उनकी मुझे चिंता है
सूर्यकुमार ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने बयान से हिंट दिया है कि अभिषेक अगला मैच भी खेलेंगे। जबकि संजू सैमसन को प्लेइंग-11 में आने के लिए इंतजार करना होगा। सूर्या ने कहा कि अभिषेक ने पिछले साल हमारा साथ दिया, अब हमारी बारी है।
सूर्या ने मजाकिया अंदाज में कहा- अभिषेक शर्मा की फॉर्म की जो चिंता कर रहे हैं, उनकी चिंता मैं कर रहा हूं। मुझे उन टीमों की ज्यादा चिंता है जो बाद में उनका सामना करेंगी। उन्होंने पूरे साल हमारा साथ दिया, अब हमारी बारी है।
हम कवर करने के लिए हैं: सूर्या
अभिषेक लगातार 3 डक पर आउट हुए थे। इसके जवाब में सूर्या ने कहा- यह एक टीम गेम है, इसमें ऐसा होता है। टीम की जरूरत है कि अपना नैचुरल गेम खेले, इसलिए वह कोशिश कर रहा है। यदि सफल होता है तो ठीक है। नहीं होता तो हम कवर करने के लिए हैं।

संजू के सवाल पर सूर्या ने क्या कहा
संजू सैमसन को प्लेइंग-11 में मौका देने के सवाल पर सूर्या ने मुस्कुराते हुए कहा- क्या उन्हें अभिषेक शर्मा की जगह मौका दें? क्या तिलक वर्मा की जगह संजू सैमसन को लाएं? हम पावरप्ले में 40 से 50 रन बना रहे हैं और यह नॉर्मल क्रिकेट है।
हम हमेशा ही 220 से 240 रन बनाना चाहते हैं, लेकिन ये विकेट थोड़े मुश्किल है। पहले ऑफ स्पिनर बॉलिंग नहीं कर रहे थे, लेकिन अब कर रहे हैं। ऐसे में हमने उनके खिलाफ प्रैक्टिस शुरू कर दी है।
ड्रेसिंग रूम में कोई चर्चा नहीं हो रही
हाल ही में टीम इंडिया के बॉलिंग कोच मॉर्ने मोर्केल ने कहा था- अभिषेक के लगातार 3 बार डक पर आउट होने की कोई भी चर्चा ड्रेसिंग रूम में नहीं हो रही है। वे एक वर्ल्ड‑क्लास खिलाड़ी हैं। जल्द ही रन बनाएंगे। अभिषेक नेट्स में शानदार प्रैक्टिस कर रहे और फॉर्म में भी दिख रहे हैं।
इस टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम:
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और रिंकू सिंह।

