जल्दबाजी के बजाय क्रीज पर समय बिताना जरूरी: पत्नी देविशा की सलाह से सूर्या की जबरदस्त वापसी, रायपुर T20I में फिफ्टी लगाई
Published:
3 min read

सूर्या ने23 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। उनकी पारी 37 गेंदों में 82 रन की रही, जिसमें 9 चौके और 4 छक्के शामिल थे। यह सूर्या का 468 दिनों और 24 पारियों के बाद पहला T20I अर्धशतक था।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय T20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने रायपुर T20I में न्यूजीलैंड के खिलाफ जबरदस्त वापसी की। इस शानदार पारी के पीछे एक खास वजह थी। उनकी पत्नी देविशा शेट्टी की सलाह। लंबे समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे सूर्या ने बताया कि घर पर मिली इस सधी हुई सलाह ने उनका फार्म वापस लाने में बड़ी भूमिका निभाई।
घर वालों की सलाह जरुरी
भारतीय T20I कप्तान सूर्यकुमार ने न्यूजीलैंड के खिलाफ रायपुर में खेले गए मुकाबले में अपनी खोई हुई लय दोबारा पा ली। मैच के बाद उन्होंने खुलकर बताया कि इस वापसी में उनकी पत्नी देविशा की सलाह बेहद अहम रही। सूर्या ने कहा कि जब खिलाड़ी मुश्किल दौर से गुजरता है, तब घर का सहारा सबसे ज्यादा काम आता है।
BCCI द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में सूर्यकुमार ने बताया कि उनकी पत्नी उन्हें हमेशा शांत रहने और खुद पर भरोसा रखने की सलाह देती हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि घर पर भी मेरा एक कोच है। जिससे मैं शादीशुदा हूं। देविशा उन्हें समझाती हैं कि जल्दबाजी करने के बजाय क्रीज पर समय बिताना जरूरी है।
सूर्या ने आगे कहा- वह नेट्स में अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन जब तक मैच में रन नहीं बनते, तब तक आत्मविश्वास पूरी तरह नहीं आता। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बनाई, कुछ दिन का पूरा आराम लिया और खुद को मानसिक रूप से मजबूत किया। इस ब्रेक ने उन्हें सही माइंडसेट में लाने में मदद की।
23 पारी के बाद आई फिफ्टी
रायपुर T20I में भारत को 210 रनों का बड़ा लक्ष्य मिला था। शुरुआत बेहद खराब रही। सिर्फ 1.1 ओवर में भारत का स्कोर 6 रन पर 2 विकेट हो गया। संजू सैमसन 6 रन बनाकर आउट हो गए और अभिषेक शर्मा खाता भी नहीं खोल सके। ऐसे मुश्किल समय में सूर्यकुमार यादव क्रीज पर आए।शुरुआत में सूर्या ने बेहद संभलकर बल्लेबाजी की। उन्होंने पहले 11 गेंदों पर सिर्फ 11 रन बनाए और अपना समय लिया। दूसरी ओर ईशान किशन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए दबाव कम किया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 48 गेंदों में 122 रनों की शानदार साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख ही बदल दिया।

एक बार सेट होने के बाद सूर्या ने अपना असली अंदाज दिखाया। उन्होंने सिर्फ 23 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। उनकी पारी 37 गेंदों में 82 रन की रही, जिसमें 9 चौके और 4 छक्के शामिल थे। यह सूर्या का 468 दिनों और 24 पारियों के बाद पहला T20I अर्धशतक था।

