सूर्यकुमार-कुलदीप का हैंडशेक रीक्रिएट: सूर्या ने वीडियो शेयर किया, लिखा- गुस्सा छोड़ दो भाई कुलदीप
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने ग्रुप मुकाबले में पाकिस्तान को 61 रन से करारी शिकस्त दी। इस मैच में हैंडशेक काफी सुर्खियों में रहा। पहला तो यही कि भारतीय कप्तान और खिलाड़ियों ने किसी भी पाकिस्तानी प्लेयर से हाथ नहीं मिलाया। दूसरा जब कुलदीप यादव ने कप्तान सूर्यकुमार यादव से हाथ मिलाया तो वो पूरी तरह गुस्से में नजर आए।
इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ। जीत के बाद भारतीय प्लेयर्स एकदूसरे से हाथ मिला रहे थे। इसी दौरान कुलदीप गुस्से में नजर आए। हैंडशेक के दौरान सूर्या ने भी कुलदीप से कुछ कहा था।
रीक्रिएट वीडियो वायरल
अब सूर्या और कुलदीप ने इसी मोमेंट को रीक्रिएट किया। बैकग्राउंड में हेरा फेरी फिल्म का एक डायलॉग सुनाई देता है। इस वीडियो में भी कुलदीप गुस्से में सूर्या से हाथ मिलाकर जाते हुए दिखाई देते हैं।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस रीक्रिएट वीडियो के आखिर में सूर्या हंसते हुए नजर आते हैं। भारतीय कप्तान ने कैप्शन में लिखा- गुस्सा छोड़ दो भाई कुलदीप।
कैच छोड़ने पर पंड्या ने कुलदीप पर गुस्सा उतारा
दरअसल, मैच के आखिर में हार्दिक पंड्या की बॉल पर कुलदीप यादव ने बाउंड्री पर शाहीन अफरीदी का एक कैच छोड़ा था। साथ ही बॉल बाउंड्री पार गिरती है और पाकिस्तान को 6 रन भी मिल जाते हैं।
इसके बाद पंड्या गुस्से में कुलदीप से कुछ कहते देखे गए। इसी के बाद कुलदीप को भी गुस्सा आया। हालांकि कैच छोड़ने तक यह अच्छी बात थी कि मुकाबला इंडिया के कब्जे में ही था।
पाकिस्तान को 61 रनों से हराया
मैच की बात करें तो पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग चुनी। टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही। अभिषेक शर्मा 0 पर आउट हो गए। ईशान किशन ने 40 बॉल में 77 रन बनाए। इसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल थे। सूर्यकुमार यादव ने 32 रन बनाए। वहीं शिवम दुबे ने 17 बॉल में 27 रन की पारी खेली। टीम इंडिया ने 6 विकेट पर 175 रन बनाए।
जवाब में पाकिस्तान की टीम 114 रन पर ऑल आउट हुई। जसप्रीत बुमराह ने सैम अयूब और कप्तान सलमान अली आगा को आउट किया। बीच में उस्मान खान ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। इस तरह टीम इंडिया ने मैच बड़े मार्जिन से जीत लिया, जिससे पाकिस्तान का सुपर 8 में पहुंचना मुश्किल सा हो गया है।

