अंपायर के फैसलों से नाराज SRH: BCCI से शिकायत कर सकती है;आवेश खान की घटना बनी बड़ा मुद्दा
Published:
2 min read

SRH का अगला मुकाबला पंजाब किंग्स के खिलाफ 11 अप्रैल को होगा।
स्पोर्ट्स डेस्क. IPL 2026 में एक नया विवाद सामने आया है। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) टीम कुछ फैसलों से काफी नाराज है और अब वह BCCI से शिकायत करने की तैयारी कर रही है। खासकर लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ मैच में आवेश खान से जुड़ा एक मामला चर्चा का बड़ा कारण बन गया है।
आवेश की हरकत से शुरू हुआ विवाद
हैदराबाद में खेले गए मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 157 रन का टारगेट हासिल कर लिया। मैच के आखिरी ओवर में जब ऋषभ पंत ने चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई, तभी असली विवाद शुरू हुआ।
दरअसल, LSG के पेसर आवेश खान ने बाउंड्री के पास खड़े होकर गेंद को बैट से वापस मैदान में पहुंचा दिया। कुछ लोगों का कहना है कि गेंद पूरी तरह बाउंड्री लाइन को पार नहीं हुई थी।
सोशल मीडिया पर फैंस का मानना है कि इस पर सनराइजर्स को 5 पेनल्टी रन मिलने चाहिए थे। उन्होंने क्रिकेट के नियम 20.1 (डेड बॉल) और 41 (अनफेयर प्ले) का हवाला भी दिया। लेकिन एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह जानबूझकर किया गया फाउल नहीं था, इसलिए अंपायर इस पर कोई सख्त फैसला नहीं ले सकते थे।
पहले मैच में हुआ विवाद
यह पहली बार नहीं है जब SRH अंपायरिंग से नाराज हुई है। इससे पहले भी कुछ फैसलों पर सवाल उठे हैं। IPL 2026 के पहले मैच में हेनरिक क्लासेन को आउट दिया गया था, जिसे लेकर टीम खुश नहीं थी। उस कैच को फिल सॉल्ट ने पकड़ा था। इसके अलावा, अभिषेक शर्मा को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ आउट दिया गया, जिस पर भी विवाद हुआ। अभिषेक ने इस फैसले पर नाराजगी जताई थी और उन्हें IPL के नियम तोड़ने पर पेनल्टी भी मिली थी।

BCCI से शिकायत कर सकती है टीम
इन लगातार विवादों के बाद अब सनराइजर्स हैदराबाद टीम BCCI को शिकायत भेजने की तैयारी में है। हालांकि, मैच के नतीजे या आउट के फैसले बदले नहीं जाएंगे, लेकिन टीम चाहती है कि फ्यूचर में ऐसे फैसले सही तरीके से लिए जाएं।फिलहाल IPL 2026 में SRH का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। टीम ने अब तक 3 मैचों में सिर्फ 1 जीता है और 2 हार चुकी है। SRH का अगला मुकाबला पंजाब किंग्स के खिलाफ 11 अप्रैल को होगा।

