मैं तो चाहता हूं कि पाकिस्तान आए और खेले: सुनील शेट्टी बोले- एशेज की तरह है इंडिया-PAK राइवलरी
Published: Updated:
2 min read

एंटरटेनमेंट/ स्पोर्ट्स डेस्क. सुनील शेट्टी ने कहा कि भारत और पाकिस्तान को एक दूसरे के साथ मैच जरूर खेलना चाहिए। इंडिया-पाकिस्तान मैच एशेज सीरीज की तरह सबसे बड़ी राइवलरी है।
दरअसल, इस समय भारत और श्रीलंका के संयुक्त मेजबानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 खेला जा रहा है। ग्रुप स्टेज में 15 फरवरी को इंडिया-पाकिस्तान के बीच मैच कोलंबो में होना था, लेकिन PAK सरकार ने इस मैच का बायकॉट कर दिया है।
पाकिस्तान आए और श्रीलंका में मैच खेले
मुंबई के एक इवेंट में मीडिया से बातचीत के दौरान सुनील शेट्टी से पूछा गया कि वे भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर क्या कहना चाहते हैं। जवाब में उन्होंने कहा- भारत-पाकिस्तान मुकाबला उतना ही खास होता है जितना एशेज सीरीज में इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया की टक्कर।
सुनील ने आगे कहा- मैं तो चाहता हूं कि पाकिस्तान आए और श्रीलंका में मैच खेले। अगर यह मैच नहीं हुआ तो क्रिकेट को पसंद करने वाले बहुत से लोगों को दुख होगा। यह दुनिया भर में सबसे ज्यादा देखा जाने वाला मैच है।

कैसे शुरू हुआ विवाद
दरअसल, विवाद की शुरुआत तब हुई जब बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को IPL से बाहर किया गया। इसके बाद बांग्लादेश ने भी सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने मैच भारत की बजाय श्रीलंका में कराने की मांग की थी। तब ICC ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था। इस वजह से पाकिस्तान सरकार ने बांग्लादेश के सपोर्ट में इंडिया के खिलाफ मैच का बायकॉट किया है।
पाकिस्तानी सरकार ने 1 फरवरी को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भारत के खिलाफ मैच न खेलने की अनाउंसमेंट की थी। उन्होंने कहा था कि पाकिस्तानी टीम ICC Men’s T20 World Cup 2026 में हिस्सा तो लेगी, लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगी।

