हां, सचिन को गलत आउट दिया था: 22 साल बाद अंपायर बकनर ने गलती मानी, बोले- इनसान हूं, गलतियां तो हो ही सकती हैं
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. सचिन तेंदुलकर को गलत आउट देने की बात को आखिरकार 22 साल बाद अंपायर स्टीव बकनर ने मान लिया है। बकनर ने कहा कि ब्रिस्बेन टेस्ट में सचिन को एलबीडब्ल्यू देना उनकी गलती थी, और इस फैसले का जिक्र आज भी लोग करते हैं। उन्होंने माना कि यह एक ऐसी भूल थी, जिसे उन्हें अपने पूरे कॅरियर में याद रखना पड़ा।
120 टेस्ट मैच में अंपायरिंग
बकनर अपने समय के सबसे नामी अंपायरों में थे। 120 से ज्यादा टेस्ट मैच में अंपायर रहे। कई वर्ल्ड कप मुकाबलों में भी जिम्मेदारी निभाई। लेकिन भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के बीच उनका नाम अक्सर विवादित फैसलों की वजह से याद किया जाता है, खासकर तब जब बात सचिन तेंदुलकर की हो।
सचिन बनाम बकनर
सबसे बड़ा विवाद 2003-04 में ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर टेस्ट मैच में हुआ। उस समय सचिन करियर के शानदार दौर में थे। मैच के दौरान ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जेसन गिलेस्पी की एक गेंद को सचिन ने छोड़ने की कोशिश की, लेकिन वो उनके पैड पर लगी। इसके बाद गिलेस्पी और विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट और पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने जोरदार अपील की।
बकनर ने बिना ज्यादा देर किए उंगली उठा दी। सचिन सिर्फ तीन गेंद खेलकर 0 पर आउट हो गए। जब रिप्ले देखा गया तो साफ पता चला कि गेंद स्टंप के ऊपर से जा रही थी। यानी गेंद विकेट को नहीं लगती। उस समय कमेंट्री कर रहे टोनी ग्रेग ने भी इसे “बहुत खराब फैसला” बताया था।
बकनर बोले- मेरी गलती है
हाल ही में वेस्ट इंडीज क्रिकेट अंपायर कमेंटी को दिए इंटरव्यू में बकनर ने कहा- सचिन तेंदुलकर को एलबीडब्ल्यू देना गलती थी। आज भी लोग मुझसे पूछते हैं कि आपने ऐसा क्यों किया? क्या वह सच में आउट थे? मैंने मान लिया है कि यह मेरी गलती थी। जिंदगी में गलतियां होती हैं और हमें उन्हें स्वीकार करना चाहिए।
यह पहली बार नहीं था जब बकनर ने सचिन के खिलाफ विवादित फैसला दिया हो। 2005 में भारत और पाकिस्तान के मैच के दौरान भी एक बार गेंद सचिन के बल्ले से बिना लगे निकल गई थी, लेकिन अपील पर बकनर ने उन्हें आउट दे दिया। उस फैसले पर भी काफी हंगामा हुआ था।

बॉक्सिंग ग्लव्स पहना देना
कई साल बाद तेंदुलकर ने भी इस मामले पर हल्के-फुल्के अंदाज में अपनी बात रखी थी। एक ऑनलाइन सवाल-जवाब सेशन में जब एक फैन ने बकनर के बारे में पूछा, तो सचिन ने मजाक में कहा था- जब मैं बल्लेबाजी करूं तो उन्हें बॉक्सिंग ग्लव्स पहना देना, ताकि वह उंगली न उठा सकें।

