2009 लाहौर हमला याद है पाकिस्तान: श्रीलंका क्रिकेट ने PCB को लेटर भेजा, भारत के साथ मैच खेलने की अपील की
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. 2026 T20 वर्ल्ड कप के को-होस्ट श्रीलंका ने पाकिस्तान से भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच खेलने की अपील की है। यह मैच 15 फरवरी 2026 को कोलंबो के आर. प्रेमदासा इंटरनेशनल स्टेडियम में होना था। पाकिस्तानी सरकार ने टीम को टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की मंजूरी दे दी है, लेकिन भारत के खिलाफ मैच न खेलने का फैसला किया है।
श्रीलंका क्रिकेट को चिंता क्यों
अगर भारत-पाकिस्तान मैच कैंसिल होता है तो श्रीलंका क्रिकेट को टिकट बिक्री से काफी फाइनेंशियल नुकसान हो सकता है। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने बताया - टिकट बिक्री और हॉस्पिटैलिटी प्लानिंग सहित सभी कमर्शियल, सिक्योरिटी, ऑपरेशनल और लॉजिस्टिकल तैयारियां पहले ही पूरी हो चुकी हैं।
पाकिस्तान को ऑफिशियल लेटर भेजा
श्रीलंका क्रिकेट ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को एक लेटर भेजा है। इस फैसले पर दोबारा विचार करने का अनुरोध किया है।
इतना ही नहीं श्रीलंका क्रिकेट ने पाकिस्तान को याद दिलाया कि 2009 में लाहौर में हुए आतंकवादी हमले के बाद भी श्रीलंका उन पहले बड़े क्रिकेट देशों में से था जिसने पाकिस्तान का दौरा किया था। उस हमले में श्रीलंका के कई खिलाड़ी और अधिकारी गंभीर रूप से घायल हुए थे।
2025 के हालात का भी जिक्र
लेटर में यह भी कहा गया था - 2025 में इस्लामाबाद में हुए सुसाइड अटैक के बाद कुछ खिलाड़ी घर लौटना चाहते थे। श्रीलंका क्रिकेट ने पाकिस्तान से किया अपना वादा पूरा किया और टूर पूरा किया।
श्रीलंका क्रिकेट ने कहा - जब कई देश पाकिस्तान का दौरा करने में हिचकिचा रहे थे, तब भी श्रीलंका ने अपनी सरकार के साथ मिलकर पाकिस्तान और PCB का साथ दिया। इंटरनेशनल क्रिकेट और खेल भावना के हित में हमेशा पाकिस्तान का साथ दिया है।

