ODI आसान, इसलिए कोहली खेल रहे: मांजरेकर के इस बयान पर हरभजन का रिएक्शन, कहा- विराट आज भी मैच विनर हैं
Published: Updated:
2 min read

विराट कोहली 5 साल बाद ICC वनडे रैंकिंग में नंबर वन बैटर बने हैं। (@bcci)
स्पोर्ट्स डेस्क. क्रिकेट में ODI फॉर्मेट सबसे आसान है। इसी वजह से विराट कोहली ने टेस्ट और टी20 से संन्यास लेकर वनडे फॉर्मेट को चुना। यह दावा पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने कुछ समय पहले ही किया था। अब पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने इस पर रिएक्शन दिया है। भज्जी ने मांजरेकर के बयान को गलत बताया।
हरभजन ने कोहली का समर्थन किया
हरभजन ने कहा- इंटरनेशनल क्रिकेट का कोई भी फॉर्मेट आसान नहीं है। अगर रन बनाना इतना आसान होता तो हर खिलाड़ी अच्छा परफॉर्म करता। फोकस परफॉर्मेंस और इम्पैक्ट पर होना चाहिए। कोहली ने हर फॉर्मेट में मैच जिताया है। वे आज भी भारतीय टीम के लिए मैच विनर हैं।
भज्जी ने आगे कहा - विराट जैसे खिलाड़ी अगली जनरेशन के लिए इंस्पिरेशन हैं। इंडियन क्रिकेट को आगे बढ़ाने में उनका रोल बहुत अहम रहा है। अगर कोहली टेस्ट क्रिकेट भी खेलें तो वे टीम इंडिया के की-प्लेयर हो सकते हैं।
मांजरेकर ने क्या कहा था?
मांजरेकर ने हाल ही में एक इंस्टाग्राम वीडियो में कहा था - टेस्ट क्रिकेट सबसे बेहतरीन फॉर्मेट है। T20 की अपनी अलग चुनौती है। ऐसे में विराट का सिर्फ ODI खेलना निराश करता है। ODI टॉप ऑर्डर बैटर्स के लिए सबसे आसान फॉर्मेट माना जाता है।
विराट इम्पैक्टफुल परफॉर्मेंस दे रहे
कोहली ने T20I वर्ल्ड कप 2024 जीतने के बाद इस T20 फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था। इसके बाद मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया। टेस्ट करियर में उनके नाम 29 सेंचुरी हैं। कोहली अभी सिर्फ ODI खेल रहे हैं। विराट की फॉर्म अभी बहुत अच्छी चल रही है।
हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के पहले ODI में विराट कोहली ने 93 रन की पारी खेली थी। इससे पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में उन्होंने 135, 102 और नाबाद 65 रन बनाए थे।
ICC रैंकिंग में कोहली नंबर 1
ICC ने बुधवार को रैंकिंग जारी की। कोहली 5 साल बाद ICC वनडे रैंकिंग में नंबर वन बैटर बन गए हैं। कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में 93 रन बनाए थे। उनकी रेटिंग अब 785 हो गई है। विराट अप्रैल 2021 के बाद पहली बार नंबर 1 बैटर बने। अपने करियर में कुल 11वीं बार नंबर 1 वनडे बैटर बने। पिछले हफ्ते वे दूसरे नंबर पर थे।

