हालात हर घंटे डरावने होते जा रहे : पीवी सिंधु दुबई में फंसीं; पोस्ट में लिखा - एहसास हुआ नॉर्मल जिंदगी कितनी नाजुक
Published:
3 min read

ओलंपिक मेडलिस्ट बैडमिंटन प्लेयर पीवी सिंधु ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमले के बीच दुबई एयरपोर्ट पर फंसी हुई हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. ओलंपिक मेडलिस्ट बैडमिंटन प्लेयर पीवी सिंधु ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमले के बीच दुबई एयरपोर्ट पर फंसी हुई हैं। खाड़ी इलाके में तनाव बढ़ने के बाद कई फ्लाइट्स कैंसल कर दी गई हैं। वे ऑल इंग्लैंड ओपन में खेलने के लिए बर्मिंघम जा रही थीं। सिंधु की दुबई से कनेक्टिंग फ्लाइट थी।
हालात डरावने होते जा रहे
एक्स पर पोस्ट करते हुए सिंधु ने लिखा- हालात हर घंटे और डरावने होते जा रहे थे। एयरपोर्ट के पास एक बहुत बड़ा धमाका हुआ। मेरा कोच धुएं के बहुत करीब था। इसलिए तुरंत निकलना पड़ा। उस समय सभी बहुत घबराए हुए थे।
पोस्ट देखें
सिंधु ने लिखा- मैं और मेरी टीम अब सुरक्षित जगह पर हैं। दुबई एयरपोर्ट के स्टाफ और एडमिनिस्ट्रेटिव टीम ने मदद की। इंडियन हाई कमीशन भी लगातार संपर्क में रहा। एयरपोर्ट पर बहुत भीड़ है। कई परिवार फंसे हुए हैं। हर कोई सब कुछ जल्दी ठीक होने की दुआ कर रहा है। ऐसे समय में एहसास होता है कि नॉर्मल जिंदगी कितनी नाजुक हो सकती है।
इंटरनेशनल फ्लाइट्स कैंसिल
मिसाइल हमले के बाद सुरक्षा कारण से पूरे इलाके का एयरस्पेस प्रभावित हुआ है। इस वजह से दुबई से जाने वाली इंटरनेशनल फ्लाइट्स या तो कैंसल कर दी गई हैं या उनका रास्ता बदल दिया गया है। यह साफ नहीं है कि फ्लाइट्स कब फिर से शुरू होंगी और सिंधु कब बर्मिंघम पहुंच पाएगी।

ईरान ने बुर्ज खलीफा के पास हमला किया।
क्या है पूरा मामला
दुबई के पोर्श इलाके पाम जुमेरा में भी धमाके की खबर आई। इस आर्टिफिशियल द्वीप पर एक इमारत में आग लगती देखी गई और काला धुआं आसमान में उठता नजर आया। स्थानीय लोगों ने धमाकों की आवाज सुनने की बात कही। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। दुबई मीडिया ने पुष्टि की कि इस घटना में चार लोग घायल हुए हैं और आग पर काबू पा लिया गया है।
शाहेद ड्रोन का इस्तेमाल?
शहर से सामने आए एक अन्य वीडियो में ईरान का शाहेद ड्रोन कार्रवाई करते दिखा। यह ड्रोन घनी आबादी वाले इलाके में दो इमारतों के बीच जा टकराया और जोरदार धमाका हुआ। शाहेद ड्रोन ईरान के हथियार जखीरे में शामिल खतरनाक ड्रोन माने जाते हैं। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि बुर्ज खलीफा के पास हुए धमाके में इसी तरह का ड्रोन इस्तेमाल हुआ या नहीं।
अमेरिका और इजरायल का एक साथ हमला
अमेरिका और इजरायल ने पहले ईरान पर एक साथ हमला किया, ऑपरेशन को 'रॉर ऑफ द लॉयन' यानी शेर की दहाड़ नाम दिया गया है। इस कार्रवाई में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई, उसके परिवार में बेटी, दमाद, पोती और IRGC के कमांडर इन चीफ और रक्षा मंत्री के मारे जाने के बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई की। हमलों के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने चेतावनी दी कि हथियार डालो या अंजाम भुगतो।
जवाब में ईरान ने अपना एयर स्पेस बंद कर दिया। इजराइल के हमलों के बाद ईरान ने क्रशिंग (पूरी तरह कुचल देने वाला) जवाब देने की चेतावनी दी है। साथ ही कहा- इजराइल और अमेरिका को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।

