इंडिया ओपन में खराब व्यवस्थाएं: बर्ड ड्रॉपिंग्स और बंदर के बाद चिड़िया के घोंसले से बवाल, सेमीफाइनल रोकना पड़ा
Published:
3 min read

इंडिया ओपन बैडमिंटन 2026 में महिला डबल्स सेमीफाइनल के दौरान कोर्ट पर ऊपर से पक्षियों के घोंसले का कचरा गिर गया। इसके बाद मैच रोकना पड़ा। (फोटो क्रेडिट -सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडिया ओपन बैडमिंटन 2026 दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में हो रहा है, जो खराब व्यवस्थाओं की वजह से सुर्खियों में है। टूर्नामेंट का शायद ही कोई दिन बिना विवाद के गुजरा हो। पहले बर्ड ड्रॉपिंग्स का मामला सामने आया। इसके बाद स्टेडियम में बंदर घुस आया था। अब चिड़िया के घोंसले से बवाल हुआ है।
दरअसल, शनिवार को महिला डबल्स सेमीफाइनल के दौरान कोर्ट पर पक्षियों के घोंसले का कचरा गिर गया था। इसके बाद मैच रोकना पड़ा। इन सभी विवादों के चलते एक हफ्ते से स्टेडियम की जांच भी की जा रही थी।
घटना कोर्ट नंबर एक पर हुई। टॉप सीड चीनी जोड़ी लियू शेंगशु और तान निंग का मुकाबला साउथ कोरिया की बैक हा ना और ली सो ही से चल रहा था। पहले गेम के दौरान स्कोर 6-3 था। सर्व करने की तैयारी चल रही थी। तभी अचानक कोर्ट पर पेड़ की टहनियां और छोटे-छोटे टुकड़े गिरने लगे।
सफाई के बाद मैच दोबारा शुरू
इसके बाद लियू हैरानी में हंस पड़ीं। चेयर अंपायर की ओर इशारा किया। दोनों चीनी खिलाड़ी अपनी कुर्सियों पर जाकर बैठ गईं। ली सो ही भी छत की ओर देखने लगीं। चेयर अंपायर ने तुरंत सफाई कर्मचारियों को बुलाया। कई मिनट तक कोर्ट की सफाई चली। बाद में अधिकारियों ने पुष्टि की कि कोर्ट पर गिरा मलबा पक्षियों के घोंसले से आया था। सफाई के बाद मैच दोबारा शुरू कराया गया।

कई खिलाड़ियों ने पहले भी सवाल उठाए
दो दिन पहले एचएस प्रणॉय और लोह कीन यू के बीच प्री-क्वार्टरफाइनल मैच भी कोर्ट पर चिड़ियों की गंदगी गिरने की वजह से दो बार रोका गया था। डेनमार्क की मिया ब्लिचफेल्ड्ट ने स्टेडियम को गंदा बताया। साथ ही वर्ल्ड चैंपियनशिप के आयोजन पर सवाल किया। डेनिश खिलाड़ी एंडर्स एंटोनसेन ने टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया।
स्टेडियम में दिक्कतें
कई विदेशी खिलाड़ियों ने बताया - स्टेडियम के अंदर काफी ठंड हो जाती है। वार्म-अप करना मुश्किल हो जाता है। कुछ खिलाड़ियों ने हीटर लगाने की भी रिक्वेस्ट की है। कई खिलाड़ियों को जैकेट, टोपी और दस्ताने पहनकर प्रैक्टिस करते देखे गए।
अगस्त 2026 में BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप भी यही होगी। बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (BAI) ने भरोसा दिलाया है कि वर्ल्ड चैंपियनशिप से पहले सभी कमियों को दूर कर दिया जाएगा।
13 जनवरी से शुरू हुआ
इंडिया ओपन 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट 13 से 18 जनवरी 2026 तक नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में हो रहा है। ये 13 जनवरी से शुरू हुआ। पीवी सिंधु और सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की डबल्स जोड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

