इंग्लैंड टूर में आकिब को मौका दीजिए: गांगुली बोले- नबी शानदार स्विंग बॉलर, इंग्लैंड की कंडीशन भी मदद करेंगी
Published:
2 min read

रणजी के 2025-26 सीजन में नबी ने 60 विकेट लिए हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क.जम्मू-कश्मीर के पेसर आकिब नबी ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 के फाइनल में 5 विकेट लिए। सौरव गांगुली ने आकिब को सराहा। कहा- टीम इंडिया इस साल इंग्लैंड दौरे पर जाएगी। इसमें आकिब को मौका जरूर मिलना चाहिए।
अजीत अगरकर को टैग किया
गांगुली ने X पर लिखा- जम्मू-कश्मीर की टीम ने दिखा दिया है कि मेहनत और इरादे क्या कर सकते हैं। आकिब की तारीफ करते हुए गांगुली ने कहा- वह अब नेशनल कलर्स यानी टीम इंडिया की जर्सी के करीब हैं। गांगुली ने इस पोस्ट में BCCI और हेड कोच अजीत अगरकर को भी टैग किया। कहा- इंग्लैंड का दौरा आकिब के लिए सही शुरुआत हो सकती है।
रणजी सीजन में 60 विकेट
रणजी ट्रॉफी 2025-26 के फाइनल में जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में 584 रन बनाए। इसके जवाब में कर्नाटक की टीम सिर्फ 293 रन पर सिमट गई। इस मैच में आकिब नबी ने 23 ओवर में 54 रन देकर 5 विकेट लिए।
उन्होंने केएल राहुल, मयंक अग्रवाल और करुण नायर को आउट किया। पूरे सीजन में नबी ने 60 विकेट लिए। रणजी ट्रॉफी के 92 साल के इतिहास में वह सिर्फ तीसरे पेसर बने हैं, जिन्होंने एक सीजन में 60 विकेट लिए हों। यह उनका इस सीजन का सातवां और करियर का 15वां फाइव विकेट हॉल रहा।
IPL ऑक्शन में 8.40 करोड़ मिले
IPL में भी आकिब को बड़ी कीमत मिली है। दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 8.40 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया है। अब वह बड़े मंच के लिए तैयार माने जा रहे हैं।
इंग्लैंड दौरा जुलाई में
टीम इंडिया को जुलाई 2026 में इंग्लैंड जाना है। जहां व्हाइट बाॅल सीरीज होगी। गांगुली का मानना है कि इंग्लैंड जैसी सीमिंग कंडीशन में आकिब अच्छा परफॉर्मेंस कर सकते हैं।अब सबकी नजरें सिलेक्शन कमेटी पर रहेंगी।

