मोहम्मद शमी के सपोर्ट में सौरव गांगुली: कहा- शमी जैसा बॉलर टीम इंडिया से बाहर नहीं रहना चाहिए, बुमराह के साथ उन्हें भी खेलना चाहिए
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. 'मैं बस अपना काम कर रहा हूं। मैं दूसरी बातों पर ज्यादा ध्यान नहीं देता। हम मजदूर आदमी हैं। हमें बस गेंद डालनी है। जिंदगी में उतार चढ़ाव आते रहते हैं। चोट भी लगती है। मेहनत नहीं छोड़नी चाहिए। आजकल लोग सोशल मीडिया और दिखावे के पीछे ज्यादा भागते हैं। असली ताकत मेहनत में होती है।'
ये शब्द हैं मोहम्मद शमी के जिन्हें टीम इंडिया में 'लाला' के नाम से जाना जाता है। उन्होंने टीम में अपनी वापसी के बारे में बात की। दरअसल, शमी एक साल से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने आखिरी मैच ICC चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल खेला था। यह खिताबी मुकाबला न्यूजीलैंड के खिलाफ 9 मार्च 2025 को हुआ था। भारत ने जीत दर्ज की थी।

शमी को गांगुली का सपोर्ट
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने भी शमी की वकालत की है। गांगुली का मानना है कि शमी जैसे काबिल बॉलर को टीम से बाहर रखना सही नहीं है। उन्हें जसप्रीत बुमराह के साथ खेलना चाहिए। गांगुली ने कहा - शमी इस समय शानदार फॉर्म में हैं। फिट भी दिख रहे हैं। उन्होंने हाल ही में हैदराबाद के खिलाफ 4 ओवर में सिर्फ 9 रन देकर 2 विकेट लिए। किसी भी टी20 मैच में ये बेहतरीन स्पेल माना जाता है। शमी की बॉलिंग देखने में अलग ही मजा आता है। उनमें अभी भी इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने की पूरी ताकत है। उनका समय फिर से आएगा।
पुरानी टीम शमी के आगे बेबस
हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में हुए इस IPL मैच में शमी ने 4 ओवर में सिर्फ 9 रन देकर 2 विकेट लिए। उनका इकॉनमी रेट 2.25 रहा। शमी के 4 ओवर में 18 डॉट बॉल रहीं। उन्होंने अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड को आउट किया। इसके बदौलत हैदराबाद टीम का स्कोर 8 रन पर 2 विकेट हो गया था। यहां से पूरी टीम प्रेशर में आ गई थी। 9 ओवर में स्कोर 31 रन पर 4 विकेट हो गया था। गौरतलब है कि पिछले सीजन में शमी हैदराबाद से खेले थे।

पिछले सीजन में काफी महंगे रहे थे
IPL 2026 से पहले SRH ने शमी को 10 करोड़ रुपए में लखनऊ को ट्रेड कर दिया था। दरअसल, 2025 सीजन में शमी का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। उन्होंने 9 मैच में सिर्फ 6 विकेट लिए थे। एवरेज 56.16 और इकॉनमी 11.23 रही थी। पंजाब के खिलाफ एक मैच में 75 रन भी दे दिए थे। यह IPL के सबसे महंगे स्पेल में से एक था।
बेहतर कंट्रोल
SRH के खिलाफ मैच में शमी ने बिल्कुल अलग अंदाज में बॉलिंग की। नई बॉल से स्विंग, लाइन और लेंथ इतनी सटीक रही कि बैटर खुलकर खेल ही नहीं पाए। उनकी बॉलिंग ने SRH की पूरी प्लानिंग खराब कर दी। मिडिल ऑर्डर को डिफेंड करने पर मजबूर कर दिया। SRH ने पिछले साल खराब फॉर्म के कारण शमी को छोड़ दिया था। अब वही बॉलर दूसरी टीम के लिए मैच जिताने वाला बन गया है।

रणजी में 37 विकेट
डोमेस्टिक क्रिकेट में भी शमी की परफॉर्मेंस अच्छी रही है। रणजी ट्रॉफी 2025-26 सीजन में खेले 7 मुकाबलों में 16.72 की औसत से 37 विकेट लिए। एक मैच में तो उन्होंने 8 विकेट भी लिए थे। अपनी टीम को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में अहम रोल निभाया। सैयद मुश्ताक अली 2025' टूर्नामेंट में खेले 7 मुकाबलों में 16 विकेट लिए। इसके बावजूद वह अभी तक टीम इंडिया में वापसी नहीं कर पाए हैं।


