महिला क्रिकेटर्स ने पलाश मुच्छल को पीटा: मंधाना के दोस्त का दावा, कहा- उसे दूसरी महिला के साथ पकड़ा था
Published: Updated:
3 min read

मंधाना-पलाश की शादी 23 नवंबर 2025 को होनी थी, जो नहीं हो सकी। तब कहा गया था कि मंधाना के पिता की तबीयत खराब होने के कारण शादी टाली गई है। (Instagram)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना और म्यूजिक कम्पोजर पलाश मुच्छल की शादी टूटने को लेकर एक खुलासा हुआ है। मंधाना के बचपन के दोस्त विदन्यान माने ने एक बड़ा दावा किया है। माने एक्टर और प्रोड्यूसर भी हैं। उन्होंने कहा कि शादी फंक्शन के दौरान पलाश को किसी दूसरी महिला के साथ पकड़ लिया था।
माने ने हिंदूस्तान टाइम्स से बात करते हुए यह भी दावा किया कि इसके बाद भारतीय महिला टीम की क्रिकेटर्स ने पलाश को पीटा भी था। दूसरी ओर पलाश ने भी एक पोस्ट शेयर कर इन खबरों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि वे माने के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
23 नवंबर को होनी थी, जो नहीं हो सकी
दरअसल, मंधाना-पलाश की शादी 23 नवंबर 2025 को होनी थी, जो नहीं हो सकी। तब कहा गया था कि मंधाना के पिता की तबीयत खराब होने के कारण शादी टाली गई है। इसी दिन पलाश की भी तबीयत बिगड़ गई थी। 23 नवंबर से ठीक पहले सबकुछ ठीक था। पलाश ने मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में स्मृति को प्रपोज भी किया था। ऐसे में अचानक शादी टलने को लेकर कई अटकलें लगाई गई थीं।
7 दिसंबर को पूरा मामला साफ हो गया, जब दोनों ने अलग-अलग बयान जारी कर शादी टूटने की पुष्टि कर दी। इसके बाद पलाश ने सोशल मीडिया से अपना प्रपोजल वीडियो और वर्ल्ड कप सेलिब्रेशन की पोस्ट हटा दीं। मंधाना ने रीकैप वीडियो में सगाई के सिलेक्टेड फोटोज ही शेयर किए।
क्या हुआ था शादी फंक्शन के दौरान?
माने ने कहा- मैं शादी फंक्शन (23 नवंबर, 2025) में मौजूद था। इसी दौरान वह (पलाश) दूसरी महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया। बहुत ही भयावह सीन था। भारतीय महिला क्रिकेटर्स ने उसकी जमकर पिटाई की। पूरा परिवार ही चिंदी चोर है।
पलाश पर 40 लाख रुपए की धोखाधड़ी का आरोप
माने की पलाश से मुलाकात मंधाना के जरिए ही हुई थी। प्रोड्यूसर ने पलाश पर फिल्म बनाने के नाम पर 40 लाख रुपए की धोखाधड़ी का आरोप भी लगाया। माने ने FIR भी दर्ज करवाई है।
माने ने कहा- मैं पिछले महीने उनकी मां (अमिता मुच्छल) से मिला, तो उन्होंने बताया कि फिल्म रिलीज का बजट बढ़कर 1.5 करोड़ रुपये हो गया है। मुझसे 10 लाख रुपये और इन्वेस्ट करना होगा। यदि मैं ऐसा नहीं करूंगा तो मुझे कोई पैसा वापस नहीं मिलेगा। उन्होंने मुझे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और फिल्म से निकालने की धमकी दी, इसलिए मुझे शिकायत दर्ज कराने के लिए मजबूर होना पड़ा।
छवि खराब करने की साजिश
पलाश इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा- सांगली निवासी विद्न्यान माने ने मुझ पर जो आरोप लगाए हैं, वे सभी पूरी तरह निराधार और तथ्यहीन हैं। ये मेरी छवि खराब करने की एक साजिश है। इन्हें बिना चुनौती दिए नहीं छोड़ा जाएगा। मेरे वकील श्रेयांश मिथारे सभी कानूनी विकल्पों पर विचार कर रहे हैं। इस मामले को कानूनी प्रक्रिया से ही निपटाया जाएगा।

