5 मैच-203 रन: IPL 2026 में शानदार फॉर्म में श्रेयस अय्यर; बताया जाने लगा T20 में कैप्टन का दावेदार
Published:
3 min read

पंजाब किंग्स फ्रेंचाइजी ने 2025 के मेगा ऑक्शन में अय्यर को 26.75 करोड़ रुपए में खरीदा था। इसके बाद टीम की कप्तानी सौंपी थी। इसके बाद से अय्यर की कप्तानी में दो सीजन में पंजाब टीम ने 11 मैचों में चेज किया, जिसमें से 9 में जीत हासिल की है। जबकि 2 में हार मिली।
स्पोर्ट्स डेस्क. IPL 2026 में श्रेयस की बैटिंग और कप्तानी दोनों ही जबरदस्त चल रहे हैं। लगातार अच्छी पारियां खेलने और टीम को जीत दिलाने बाद उन्हें T20 में इंडिया टीम के कैप्टन का दावेदार भी बताया जाने लगा। अय्यर की फॉर्म देखकर एक्सपर्ट्स और फैन्स के मन में एक ही सवाल है कि क्या आने वाले मैचों में अय्यर को टीम इंडिया में मौका मिलेगा या अभी भी उन्हें नजरअंदाज किया जाएगा।
बैक टू बैक फिफ्टी
श्रेयस इस समय शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 5 मैचों में 203 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट लगभग 188 का है, जो टी20 के हिसाब से काफी बढ़िया माना जाता है। खास बात ये है कि उन्होंने लगातार तीन मैचों में अर्धशतक लगाए हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाफ अय्यर ने सिर्फ 35 गेंदों में 66, चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 29 गेंदों में 50 रन और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 33 गेंदों में नाबाद 69 रन बनाकर मैच जिताया।

कप्तानी भी सफल
अय्यर की इस IPL में सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, कप्तानी भी शानदार रही। इससे पहले अय्यर IPL में कई टीमों की कप्तानी कर चुके हैं और इस दौरान उन्होंने अपनी टीमों को फाइनल तक में पहुंचाया। 2020 में दिल्ली कैपिटल्स फाइनल में पहुंची, 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स चैंपियन बनी और 2025 में पंजाब किंग्स ने फाइनल खेला।

इस IPL में फॉर्म और कप्तानी की वजह से अय्यर की तुलना टीम इंडिया के मौजूदा T20 कप्तान सूर्य कुमार यादव से भी होने लगी है, जो इस IPL में अभी तक कुछ खास नहीं कर पाए।
5 मैच में 106 रन बनाए
दूसरी तरफ, भारत के मौजूदा T20 कप्तान सुर्यकुमार यादव का प्रदर्शन इस सीजन में कुछ खास नहीं रहा है। उन्होंने IPL 2026 में 5 मैचों में सिर्फ 106 रन बनाए हैं और उनका फॉर्म लगातार ऊपर-नीचे होता रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या खराब फॉर्म के बावजूद उन्हें कप्तानी बरकरार रहेगी?

क्या टीम में होगा बदलाव
IPL 2026 में अब तक श्रेयस अय्यर के अलावा वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह और शुभमन गिल जैसे युवा खिलाड़ियों ने शानदार बल्लेबाजी की है। वहीं, दूसरी ओर टीम इंडिया में शामिल सूर्य कुमार यादव, हार्दिक पंड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे जैसे खिलाड़ी कुछ खास नहीं कर पाए। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या मैनेजमेंट आने वाली सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मौका देगा।

