अय्यर का फ्लाइंग कैच: बाउंड्री पर दिखी जबरदस्त फुर्ती, रोहित-सूर्या भी हैरान, VIDEO
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन का 24वां मैच मुंबई इंडियंस (MI) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच गुरुवार (16 अप्रैल) को वानखेड़े में खेला गया। यह मैच पंजाब टीम ने 7 विकेट से जीत लिया। इसी मुकाबले में पंजाब टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने एक शानदार कैच लेकर हैरान कर दिया।
दरअसल, मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए मुंबई टीम ने 6 विकेट पर 195 रन बनाए। इसी पारी के दौरान 18वें ओवर की तीसरी बॉल पर श्रेयस ने यह शानदार फ्लाइंग कैच लिया।
श्रेयस की शानदार डाइव
यह ओवर मार्को यानसेन ने किया। तीसरी बॉल पर हार्दिक पंड्या ने सीधा हवाई शॉट खेला। तभी लॉन्ग ऑन पर खड़े श्रेयस लॉन्ग ऑफ की ओर दौड़ते हुए आए। इसी दौरान श्रेयस ने बाउंड्री के अंदर डाइव लगाते हुए हवा में बॉल पकड़ी।
इससे पहले की श्रेयस बाउंड्री पार गिरते, उन्होंने बॉल को मैदान के अंदर खड़े जेवियर बार्टलेट की ओर फेंक दिया। बार्टलेट ने आसानी से यह कैच लपक लिया। श्रेयस ने यह कैच मुंबई टीम के डगआउट के करीब ही लिया था।
रोहित-सूर्या भी हैरान
डगआउट में बैठे सूर्यकुमार यादव और रोहित शर्मा समेत पूरी मुंबई टीम यह कैच देख रही थी। श्रेयस की फुर्ती और कैच देखकर सूर्या और रोहित समेत पूरी टीम और फैन्स हैरान रह गए। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि भले ही श्रेयस ने शानदार एफर्ट किया हो, लेकिन यह कैच बार्टलेट के खाते में ही गया।
PBKS जीती, प्रभसिमरन-अय्यर की फिफ्टी
196 रन के टारगेट के जवाब में पंजाब ने 3 विकेट गंवाकर 16.3 ओवर में ही 198 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया। ओपनर प्रभसिमरन सिंह ने 39 बॉल पर नाबाद 80 रन की नाबाद पारी खेली। उन्होंने 2 छक्के और 11 चौके लगाए। कप्तान श्रेयस ने 35 बॉल पर 66 रन बनाए। इसमें 4 छक्के और 5 चौके लगाए।

