चेज मास्टर अय्यर: 14 मैच, 124 एवरेज, 7 फिफ्टी; पंजाब किंग्स को 11 में से 9 मैच जिताए, देखें पूरा रिकॉर्ड
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. श्रेयस अय्यर… यह वो नाम है, जिसने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में धूम मचा रखी है। पंजाब किंग्स (PBKS) टीम के कप्तान अय्यर ने बैटिंग, फील्डिंग और कप्तानी, तीनों में ही शानदार प्रदर्शन किया है। सरपंच साहब के नाम से मशहूर अय्यर ने अब चेज मास्टर का तमगा भी हासिल कर लिया है।
उनकी कप्तानी में पंजाब टीम ने भी तेजी से ग्रोथ कर रही है। अय्यर की कप्तानी में ही पंजाब टीम ने पिछले सीजन का फाइनल खेला था। हालांकि बदकिस्मती से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के हाथों शिकस्त मिली थी।

14 मैच में 124.2 का एवरेज
पंजाब किंग्स फ्रेंचाइजी ने 2025 के मेगा ऑक्शन में अय्यर को 26.75 करोड़ रुपए में खरीदा था। इसके बाद टीम की कप्तानी सौंपी थी। इसके बाद से अय्यर की कप्तानी में दो सीजन में पंजाब टीम ने 11 मैचों में चेज किया, जिसमें से 9 में जीत हासिल की है। जबकि 2 में हार मिली।
अय्यर की कप्तानी में पंजाब टीम का चेज करते हुए जीत प्रतिशत 81.8 रहा है। 2024 से अय्यर ने भी बैटिंग में धूम मचाई है। उन्होंने चेज करते हुए 14 मैच में 124.2 के एवरेज से 621 रन बनाए। इस दौरान अय्यर ने 7 फिफ्टी लगाईं।

शुरुआती 5 मैच में एक भी हार नहीं
पंजाब टीम ने मौजूदा सीजन में अब तक 5 मैच खेले, जिसमें से 4 जीते और एक मैच बेनतीजा रहा है। यह टीम अभी 9 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है।
IPL इतिहास में यह दूसरी बार है, जब पंजाब टीम ने अपने शुरुआती 5 मैच में से एक भी हारा नहीं है। इससे पहले 2014 सीजन में पंजाब टीम ने यह उपलब्धि हासिल की थी। तब टीम ने फाइनल खेला था, जहां कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के हाथों शिकस्त मिली थी।

