सबसे ज्यादा सिक्स मारो, अय्यर का बैट जीतो: पंजाब किंग्स के प्लेयर्स को चैलेंज; LSG को हराने के बाद श्रेयस का खुलासा
Published: Updated:
2 min read

लखनऊ टीम के खिलाफ पंजाब किंग्स के ओपनर प्रियांश आर्य ने 37 बॉल पर 93 रन की पारी खेली। जबकि कूपर कोनोली ने 46 बॉल पर 87 रन बनाए। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन का 29वां मैच पंजाब किंग्स (PBKS) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच रविवार (19 अप्रैल) को खेला गया। न्यू चंडीगढ़ में हुए इस मैच को पंजाब टीम ने 54 रन से जीत लिया। मैच के बाद PBKS के कप्तान श्रेयस अय्यर ने एक खुलासा किया है।
पंजाब टीम में इस समय एक चैलेंज चल रहा है। बैटर्स के बीच अय्यर का बैट जीतने की होड़ सी लगी है। कप्तान अय्यर ने खुद अपने प्लेयर्स से कहा है कि जो भी खिलाड़ी इस IPL में सबसे ज्यादा सिक्स लगाएगा, उसे उनका बैट मिलेगा।
अय्यर का बैट जीतने का चैलेंज
दरअसल, लखनऊ को हराने के बाद अय्यर ने कहा- मैं इसके बारे में प्रियांश आर्य और कूपर कोनोली से बात कर रहा था। मैंने उनसे कहा कि चलो इस IPL में एक कॉम्पीटिशन रखते हैं। जो भी सबसे ज्यादा सिक्स लगाएगा उसे प्राइज के तौर पर मेरा बैट मिलेगा।
अय्यर ने आगे कहा- हालांकि इसका कोई मतलब नहीं बनता है। इसका सिर्फ एक ही मकसद है अच्छा खेलना। अगर प्लेयर अच्छा खेलते हैं और टीम अच्छा खेलती है तो मैं खुश हूं।
लखनऊ टीम को 54 रन से हराया
मैच में LSG के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर फील्डिंग का फैसला किया। इसके बाद पंजाब टीम ने 255 रन का टारगेट सेट किया। जवाब में लखनऊ टीम 5 विकेट पर 200 रन ही बना सकी और 54 रन से मैच गंवा दिया।
पंजाब टीम के लिए प्रियांश आर्य ने 37 बॉल पर 93 रन की पारी खेली। इस दौरान 9 सिक्स और 4 चौके लगाए। जबकि कूपर कोनोली ने 46 बॉल पर 87 रन की पारी खेली। उन्होंने 7 सिक्स और 8 चौके लगाए।
पंजाब टीम अब तक नहीं हारी
पंजाब किंग्स का यह छठवां मैच रहा। उसने अब तक 6 में से 5 मैच जीते और 1 बेनतीजा रहा है। यह टीम अभी 11 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है। उसका नेटरनरेट काफी बेहतर है। जबकि लखनऊ टीम की यह लगातार तीसरी हार है। उसने 6 में से 2 मैच जीते और 4 हारे हैं। यह टीम 4 पॉइंट के साथ 8वें नंबर पर है।

