श्रेयस अय्यर पर 12 लाख का फाइन: स्लो ओवर रेट की सजा मिली, पिछले सीजन भी 36 लाख जुर्माना भर चुके हैं पंजाब के कप्तान
Published: Updated:
3 min read

पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर पर गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में स्लो ओवर रेट के कारण जुर्माना लगाया गया।
स्पोर्ट्स डेस्क. IPL 2026 में पंजाब किंग्स का पहला मुकाबला कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए खुशी और मायूसी दोनों लेकर आया। इस पहले मैच में पंजाब किंग्स ने एक ओर जीत के साथ शुरुआत की लेकिन दूसरी ओर उन्हें भारी भरकम जुर्माना भी झेलना पड़ा।
श्रेयस पर 12 लाख का फाइन लगा। स्लो ओवर रेट के कारण उन्हें यह सजा मिली। इस सीजन में स्लो ओवर रेट का यह पहला मामला था। IPL की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह पंजाब टीम का इस सीजन में पहला स्लो ओवर रेट था, इसलिए कप्तान पर कम फाइन लगाया गया। आगे अगर गलती बरकरार रहती है तो फाइन बढ़ता जाएगा।
यह मैच पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच न्यू चंडीगढ़ में खेला गया था। इस मैच में पंजाब किंग्स ने 3 विकेट से जीत हासिल की।

अय्यर पर पिछले सीजन दो बार फाइन लगे
IPL के नियमों के मुताबिक हर टीम को तय समय में अपने ओवर पूरे करने होते हैं। अगर कोई टीम ऐसा नहीं कर पाती, तो कप्तान पर जुर्माना लगाया जाता है। श्रेयस अय्यर पहले भी इस तरह की गलती कर चुके हैं। IPL 2025 सीजन में उन्हें दो बार स्लो ओवर रेट के लिए सजा मिली थी। पहली बार 12 लाख और दूसरी बार 24 लाख रुपये का जुर्माना लगा था।

मैच की समरी
मंगलवार (31 मार्च) रात को खेले गए इस मुकाबले में गुजरात ने टॉस हारकर पहले बैटिंग की और 6 विकेट गंवाकर 162 रन बनाए। कप्तान शुभमन गिल ने 27 बॉल पर 39 और जोस बटलर ने 33 बॉल पर 38 रन बनाए। ग्लेन फिलिप्स ने 17 बॉल पर 25 रन बनाए। पंजाब के लिए मीडियम पेसर विजय कुमार वैशाक ने 34 रन देकर 3 विकेट लिए। युजवेंद्र चहल को 2 और मार्को यानसेन को 1 विकेट मिला।
163 रन के टारगेट का पीछा करना पंजाब के लिए भी आसान नहीं था। शुरुआत तो अच्छी मिली लेकिन आखिरी में मैच कुछ हद तक रोमांचक हो गया। पंजाब के लिए कूपर कोनोली ने 44 बॉल पर नाबाद 72 रन की पारी खेली। इस दौरान 5 छक्के और 5 ही चौके लगाए। जबकि प्रभसिमरन सिंह ने 24 बॉल पर 37 रन बनाए। कप्तान श्रेयस ने 11 बॉल पर 18 और बार्टलेट ने 5 बॉल पर 11 रन बनाए। पंजाब टीम ने आखिरी ओवर में 7 विकेट पर 165 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया।

