PCB चीफ नहीं, ICC में जाहिल: शोएब अख्तर बोले - नकवी अच्छे इनसान, एक दिन पहले ही उन्हें गंवार कहा था
Published:
4 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने 24 घंटे में बयान बदल लिया। उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) चेयरमैन मोहसिन नकवी को जाहिल यानी गंवार कहा था। एक दिन बाद ही शोएब अब नकवी को अच्छा इनसान बता रहे हैं।
नकवी को क्रिकेट आती है क्या
दरअसल, टी20 वर्ल्ड कप में 15 फरवरी को कोलंबो में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराया। इस बड़ी हार के बाद अख्तर गुस्से में दिखे। उन्होंने हार के बाद PCB चीफ मोहसिन नकवी पर हमला बोला था।
उन्होंने कहा था- जिस शख्स को क्रिकेट की समझ नहीं है, उसे बोर्ड का चेयरमैन बना दिया गया है। अगर किसी जाहिल (अनपढ़ या गंवार) को बड़ी जिम्मेदारी दी जाए तो टीम का हाल यही होगा। अब क्रिकेट से ज्यादा TRP (टीवी रेटिंग) पर ध्यान दिया जा रहा है। भारत बहुत आगे निकल चुका है।

शोएब अख्तर एक पाकिस्तानी पूर्व इंटरनेशनल क्रिकेटर और कमेंटेटर हैं।
अख्तर अब 24 घंटे बाद अपना बयान बदलते दिखे। उन्होंने कहा- मेरी बात नकवी के लिए नहीं थी। कुछ भारतीय टीवी चैनलों ने मेरे बयान को गलत तरीके से पेश किया। मैंने नकवी को नाकाबिल नहीं कहा। मेरा गुस्सा इंटरनेशनल क्रिकेट चलाने वाले टॉप अधिकारियों पर था।"
"रावलपिंडी एक्सप्रेस" के नाम से मशहूर अख्तर ने यह भी कहा कि नकवी एक अच्छे इनसान हैं। पाकिस्तान क्रिकेट के लिए सबसे अच्छा चाहते हैं, लेकिन उन्हें सही सलाह नहीं मिलती।

मोहसिन नकवी भारत-पाकिस्तान मैच देखते हुए (@ICC)
नकवी हमेशा चर्चा में रहे
नकवी का कार्यकाल पहले भी विवादों से भरा रहा है। भारत को एशिया कप ट्रॉफी न देने का मुद्दा था। T20 वर्ल्ड कप से पहले भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट करने की भी बात हुई थी। बाद में ICC से बातचीत के बाद फैसला बदल दिया गया।
पाकिस्तान की टीम मैदान पर अच्छा परफॉर्म करने में नाकाम रही। भारत ने मैच आसानी से जीत लिया। ICC T20 मैच में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड अब 8-1 है। पाकिस्तान की सुपर 8 में पहुंचने की उम्मीदें अब उसके अगले मैच पर टिकी हैं। उसे नामीबिया को हराना होगा।

टीम इंडिया ने एशिया कप में प्रेजेंटेशन सेरेमनी से पहले मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। जिसके बाद मोहसिन नकवी ट्रॉफी लेकर भाग गए थे
पाकिस्तान के खिलाफ 8-1
अब मैच की बात कर लेते हैं कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए। ईशान किशन ने 77 रन की अच्छी इनिंग खेली।
इसके बाद भारतीय बॉलर्स ने पाकिस्तान को 18 ओवर में 114 रन पर आउट कर दिया। इस जीत से T20 वर्ल्ड कप में भारत का रिकॉर्ड बेहतर हुआ। पाकिस्तान के खिलाफ भारत का वर्ल्ड कप रिकॉर्ड अब 8-1 हो गया है।

हार्दिक पंड्या ने साहिबजादा फरहान को पवेलियन भेजा। फरहान 4 बॉल खेलकर खाता नहीं खोल सके। उनका कैच रिंकू सिंह ने लिया।
विराट टीम को मैच जिताते थे
बाबर आजम इस टूर्नामेंट में अब तक आउट ऑफ फॉर्म रहे हैं। वह भारत के खिलाफ सिर्फ 5 रन पर आउट हो गए। जब टीम पहले से ही मुश्किल में थी, तब उन्होंने गलत शॉट खेला। कुछ साल पहले बाबर की तुलना विराट कोहली से की जाती थी। क्रिकेट एक्सपर्ट्स का मानना है कि दोनों की तुलना करना गलत है। कोहली ने बड़े मैचों में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है, जबकि बाबर अहम मैचों में फेल होते रहे हैं।
शाहीन-शादाब को टीम से बाहर करो
शाहीन ने सिर्फ 2 ओवर में 31 रन दे दिए। शादाब खान बॉल और बैट दोनों से फ्लॉप रहे। उन्होंने एक ओवर में 17 रन दिए। बैटिंग में 15 गेंद पर सिर्फ 14 रन बनाए। इसके बाद पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ ने X पर लिखा- बाबर, शाहीन और शादाब का समय खत्म हो चुका है। टीम में नए खिलाड़ियों को मौका देना चाहिए।
T20 वर्ल्ड कप से जुड़ी इन खबरों को भी पढ़ें
मोहसिन नकवी गंवार: शोएब अख्तर ने कहा- जिसको क्रिकेट नहीं पता, उसको PCB चीफ बना दिया
नो सिक्स, नो डॉक्यूमेंट्री: पाकिस्तानी ओपनर फरहान डक पर आउट, अधूरा रह गया डॉक्यूमेंट्री का सपना
कोलंबो में किशन का ‘विराट’ अवतार: ईशान ने कोहली की मेलबर्न इनिंग याद दिलाई
हर बार हमारे सपने तोड़ देते हैं: शाहिद अफरीदी बोले- शाहीन, बाबर और शादाब बस खेले जा रहे हैं

