अहमदाबाद से मुंबई ट्रेन से क्यों गए शिवम दुबे: बोले- पापा और बेटे से मिलने की बेचैनी थी, इंतजार मुश्किल हो रहा था
Published:
2 min read

8 मार्च को टीम इंडिया ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में लगातार दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप जीत लिया। दुबे भी इस टीम का हिस्सा थे।
स्पोर्ट्स डेस्क: शिवम दुबे ने हाल ही में अहमदाबाद से मुंबई की अपनी जर्नी के बारे में बताया। उन्होंने फ्लाइट के बजाय ट्रेन से जाने का फैसला किया, क्योंकि वह जल्द से जल्द अपने घर, बच्चे और पिता से मिलना चाहते थे। उन्होंने कहा कि इंतजार करना उनके लिए मुश्किल हो रहा था।
दरअसल, 8 मार्च को टीम इंडिया ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में लगातार दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप जीत लिया। दुबे भी इस टीम का हिस्सा थे। उन्होंने वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन किया था। ट्रॉफी जीतने के बाद वे तुरंत घर निकल लिए। टीम मेंबर्स के लिए फ्लाइट की सुविधा थी, लेकिन दुबे को जल्दी निकलना था।
ट्रेन क्यों चुनी?
शिवम दुबे ने इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में बताया, “मैंने पहले फ्लाइट बुक करने की कोशिश की, लेकिन सभी टिकट फुल थे। मैं सड़क मार्ग से भी जा सकता था, लेकिन ट्रेन सबसे आसान और तेज विकल्प लगा। घर जाकर अपने बच्चे और पापा से मिलने की बहुत बेचैनी थी, इसलिए मैंने सुबह जल्दी ट्रेन पकड़ ली, ताकि जल्द से जल्द घर पहुंच सकूं।”

शिवम थर्ड AC टिकट लेकर गए
दुबे अपने परिवार और एक दोस्त के साथ थर्ड AC के तीन टिकट लेकर ट्रेन से सफर पर निकले। उनके परिवार और दोस्त को इस बात की चिंता थी कि कहीं उन्हें ट्रेन या स्टेशन पर कोई पहचान न ले।
अपनी पहचान छिपाने के लिए शिवम ने कैप, मास्क और फुल स्लीव टी-शर्ट पहनी। उन्होंने सुबह 5:10 बजे की ट्रेन ली, ताकि प्लेटफॉर्म पर भीड़ कम रहे। उन्होंने अपनी पत्नी से कहा कि वह ट्रेन आने से पांच मिनट पहले कार में इंतजार करेंगे और फिर जल्दी से ट्रेन में सवार हो जाएंगे।
यह यात्रा उनके लिए सही साबित हुई। शिवम और उनका परिवार पूरे सफर के दौरान सुरक्षित और सहज महसूस कर रहा था। मीडिया और फैंस से बचने के लिए उन्होंने सही समय का चुनाव किया।

