एक फॉर्मेट खेलने से लय बिगड़ती है: रोहित-कोहली को लेकर धवन बोले- 2027 वर्ल्ड कप से पहले उन्हें काफी मैच मिलेंगे
Published:
2 min read

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली और रोहित शर्मा ने पहले ही टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया है। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ओपनर शिखर धवन ने विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर एक बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट में एक ही फॉर्मेट खेलने से प्लेयर की लय (फॉर्म) बिगड़ जाती है। हालांकि धवन ने यह भी कहा कि कोहली और रोहित काफी अनुभवी हैं। 2027 वर्ल्ड कप से पहले उन्हें काफी वनडे खेलने को मिलेंगे। ऐसे में उनके साथ लय बिगड़ने जैसी स्थिति शायद ही देखने को मिले।
दरअसल, कोहली और रोहित ने टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया है। अब यह दोनों सिर्फ एक ही फॉर्मेट यानी ODI खेल रहे हैं। ऐसे में धवन का यह बयान सुर्खियों में है।
कोहली-रोहित की फिटनेस भी अच्छी है
40 साल के धवन ने न्यूज एजेंसी से कहा- हां, यदि आप इंटरनेशनल लेवल पर कोई एक फॉर्मेट खेल रहे हों तो लय बिगड़ जाती है। इसी कारण प्लेयर अपनी फिटनेस पर ध्यान देने लगते हैं, क्योंकि उन्हें ज्यादा मैच खेलने को नहीं मिलते हैं। आप रोहित और कोहली की बात कर रहे हैं। वे दोनों काफी मैच्योर हैं।

उन्होंने कहा- यह एक चैलेंज जरूर है, लेकिन यह दोनों इस तरह के चैलेंजेस को मौके में बदलना अच्छे से जानते हैं। यदि आप फिटनेस देखेंगे तो कोहली हमेशा ही फिट होते हैं, लेकिन रोहित के अचानक फिटनेस में हुए बदलाव ने चौंकाया है।
मुझे ज्यादा ODI खेलने का मौका ही नहीं मिला था
धवन ने कहा- 2027 वनडे वर्ल्ड कप भी अब ज्यादा दूर नहीं है। ऐसे में दोनों को काफी ज्यादा ODI मैच खेलने को मिलेंगे। यह उनके लिए फेवर में रहेगा।
उन्होंने कहा- यदि आप मेरे टाइम को देखें जब मैं एक ही फॉर्मेट खेल रहा था, तब लगातार टी20 वर्ल्ड कप (2021 और 2022) हुए थे। तब मुझे ज्यादा ODI खेलने का मौका ही नहीं मिला। यही वजह है कि इस बार रोहित और कोहली के साथ मैचों की समस्या नहीं है। उनके पास काफी मैच रहेंगे।

