हर बार हमारे सपने तोड़ देते हैं: शाहिद अफरीदी बोले- शाहीन, बाबर और शादाब बस खेले जा रहे हैं, अब सिर्फ नए प्लेयर्स को खिलाओ
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम से हार के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों को अपने ही देश में आलोचनाएं झेलनी पड़ रही हैं। पूर्व पाकिस्तानी कप्तान शाहिद अफरीदी ने गुस्सा जाहिर करते हुए अपने ही दामाद यानी तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी को टीम से बाहर करने की बात कह दी।
अफरीदी ने पाकिस्तानी न्यूज चैनल समा टीम पर कहा कि यह खिलाड़ी हर बार हमारे सपने तोड़ देते हैं। शाहीन, बाबर और शादाब बस खेले जा रहे हैं। मैच नहीं जिता पाते। इन तीनों को बाहर करके अब सिर्फ नए प्लेयर्स को खिलाओ।
सीनियर जीत नहीं दिला रहे तो बाहर करो
अफरीदी ने कहा- यदि मैं डिसीजन लेना चाहूं तो मैं शाहीन को भी बाहर बैठाऊं। बाबर और शादाब को भी बाहर बैठाऊं। नए लड़कों को चांस दूं। नामीबिया के खिलाफ उन्हीं नए लड़कों को खिलाऊं और कॉन्फिडेंस दूं।
पूर्व स्पिन ऑलराउंडर ने कहा- हम लोग इतने अरसे से देख रहे हैं। ये लोग खेले जा रहे हैं, खेले जा रहे हैं। जहां हमारी उम्मीदें होती हैं कि इस टीम (इंडिया) के खिलाफ अच्छा परफॉर्म करेंगे। इतने सीनियर प्लेयर हैं। अगर ये सीनियर जीत नहीं दिला रहे तो बाहर बैठे जूनियर्स को खिलाएं। फिर क्या ज्यादा फर्क है।
पाकिस्तान 114 पर ऑलआउट
मैच की बात करें तो पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग चुनी। टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही। अभिषेक शर्मा 0 पर आउट हो गए। ईशान किशन ने 40 बॉल में 77 रन बनाए। इसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल थे। सूर्यकुमार यादव ने 32 रन बनाए। वहीं शिवम दुबे ने 17 बॉल में 27 रन की पारी खेली। टीम इंडिया ने 6 विकेट पर 175 रन बनाए।
जवाब में पाकिस्तान की टीम 114 रन पर ऑल आउट हुई। जसप्रीत बुमराह ने सैम अयूब और कप्तान सलमान अली आगा को आउट किया। बीच में उस्मान खान ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। इस तरह टीम इंडिया ने मैच बड़े मार्जिन से जीत लिया, जिससे पाकिस्तान का सुपर 8 में पहुंचना मुश्किल सा हो गया है।

