शाहीन-उस्मान हार के बाद हैंडशेक के लिए रुके: टीम इंडिया का रिस्पॉन्स नहीं मिला तो चल दिए, VIDEO वायरल
Published: Updated:
2 min read

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप मैच में भारतीय टीम ने 61 रन से पाकिस्तान को हराया। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार (15 फरवरी) को इंडिया और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हुआ। यह मैच एकतरफा रहा, जिसे भारतीय टीम ने 61 रनों से अपने नाम किया। मैच में खास बात यह रही कि टॉस के समय भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया।
जीत के बाद भी हैंडशेक नहीं
जीत के बाद भी भारतीय प्लेयर्स ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हैंडशेक नहीं किया। इसी बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि पाकिस्तान की आखिरी जोड़ी शाहीन अफरीदी और उस्मान तारिक मैदान से जाते समय हैंडशेक के लिए रुकते दिखाई देते हैं।
सोशल मीडिया पर भी यही दावा किया जा रहा है कि यह दोनों प्लेयर हैंडशेक के लिए रुकते हैं, लेकिन भारतीय टीम से कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला तो दोनों बाहर चल देते हैं।

शाहीन दो बार पलटकर देखते हैं
आखिरी विकेट उस्मान तारिक का होता है। हार्दिक पंड्या उन्हें क्लीन बोल्ड करते हैं। वीडियो में साफ देख सकते हैं कि मैदान से जाते समय शाहीन और उस्मान धीरे-धीरे चलते हैं। बीच में थोड़ा रुककर टीम इंडिया की ओर देखते हैं।
भारतीय प्लेयर जश्न में डूबे होते हैं। यह देखकर शाहीन और उस्मान निराश होकर बाहर चल देते हैं। इसके बाद भी शाहीन एक बार ओर पलटकर देखते हैं कि शायद कोई भारतीय प्लेयर हैंडशेक के लिए आ रहा है या नहीं। जब कोई रिस्पॉन्स नहीं मिलता है, तो दोनों बाहर आ जाते हैं।
पाकिस्तान 114 पर ऑलआउट
मैच की बात करें तो पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग चुनी थी। टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही। अभिषेक शर्मा 0 पर आउट हुए। ईशान किशन ने 40 बॉल में 77 रन बनाए। इसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल थे। सूर्यकुमार यादव ने 32 रन बनाए। वहीं शिवम दुबे ने 17 बॉल में 27 रन की पारी खेली। टीम इंडिया ने 6 विकेट पर 175 रन बनाए।
जवाब में पाकिस्तान की टीम 114 रन पर ऑलआउट हुई। जसप्रीत बुमराह ने सईम अयूब और कप्तान सलमान अली आगा को आउट किया। बीच में उस्मान खान ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। इस तरह टीम इंडिया ने 61 रन से मैच जीत लिया, जिससे पाकिस्तान का सुपर 8 में पहुंचना मुश्किल सा हो गया है।

