T20 के लायक नहीं हैं शाहीन: लतीफ बोले- सिर्फ नाम से कुछ नहीं होता; शाहिद अफरीदी बोले- बार-बार बदलाव गलत
Published:
2 min read

हाल ही में पाकिस्तान को बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की ODI सीरीज में 2-1 से हार का सामना करना पड़ा था। पाकिस्तान की कप्तानी शाहीन अफरीदी ने की थी। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट टीम इस समय काफी मुश्किल दौर से गुजर रही है। इसको लेकर राशिद लतीफ और शाहिद अफरीदी अपनी राय रखी। सबसे ज्यादा चर्चा तेज गेंदबाज और ODI में कप्तान शाहीन अफरीदी को लेकर हो रही है। उनकी कप्तानी और फॉर्म पर सवाल उठ रहे हैं।
प्लेइंग 11 डिजर्व नहीं करते
एक इंटरव्यू में लतीफ ने कहा- शाहीन शाह अफरीदी टी20 की प्लेइंग 11 में जगह डिजर्व नहीं करते। पहले उन्हें कप्तान बनाया जा सकता था, लेकिन अब उनका समय निकल चुका है। मैं देख रहा हूं कि कुछ लोग उन्हें टी20 टीम का कप्तान बनाने के लिए माहौल बना रहे हैं, लेकिन मेरी नजर में यह सही नहीं है। टीम में वही खिलाड़ी होना चाहिए जो खुद भी अच्छा प्रदर्शन करे, सिर्फ नाम के आधार पर जगह नहीं मिलनी चाहिए।

आप को पता नहीं क्या करना है
दूसरी तरफ शाहिद अफरीदी ने भी टीम मैनेजमेंट और सेलेक्शन कमेटी पर सवाल उठाए हैं। कहा- मेरे हिसाब से टीम की मौजूदा हालत के लिए सेलेक्शन कमेटी जिम्मेदार है। आप लोग इतने साल क्रिकेट खेले हैं, फिर भी आपको यह समझ नहीं आ रहा कि किस फॉर्मेट में किसे कप्तान बनाना चाहिए।

शाहिद ने आगे कहा- आप बार-बार टीम में बदलाव कर रहे हैं। नए-नए खिलाड़ियों को मौका दे रहे हैं, जिनके पास ज्यादा अनुभव नहीं है। इस तरह टीम मजबूत नहीं बनती, बल्कि और कमजोर हो जाती है।
अफरीदी ने आखिर में कहा- हमारा घरेलू क्रिकेट इतना मजबूत नहीं है कि वहां से फौरन अच्छे प्लेयर मिल जाएं। फिर भी हम बिना सोचे-समझे नए खिलाड़ियों को टीम में ला रहे हैं, जो इंटरनेशनल लेवल के लिए अभी तैयार नहीं हैं।
हार का सिलसिला जारी
दरअसल, T20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान सेमीफाइनल तक भी नहीं पहुंच पाई। शाहीन अफरीदी टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे। इसके बाद बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में उन्हें कप्तान बनाया गया, लेकिन वहां भी टीम को हार झेलनी पड़ी।

