मुझे-बेटे को गाली देने से वर्ल्ड कप नहीं जीत सकते: पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा की पत्नी का दर्द; कहा- यहां बेशुमार जाहिल
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 मुकाबले में इंग्लैंड से हार का सामना करना पड़ा। यह मैच श्रीलंका के पल्लेकेले में खेला गया। हार के बाद कुछ फैंस ने टीम के कप्तान सलमान अली आगा और उनके परिवार के खिलाफ सोशल मीडिया पर अश्लील और धमकी भरे पोस्ट किए।
सलमान की पत्नी सबा आगा इससे नाराज हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा- मुझे और मासूम बेटे को गाली या धमकी देना गलत है। इन हरकतों से पाकिस्तान की टीम मैच नहीं जीत जाएगी। खेल को खेल की तरह लें और खिलाड़ियों के परिवार को इसमें न घसीटें।
समा टीवी को दिए इंटरव्यू में सबा ने कहा- इस मुल्क में भी जाहिलों की कमी नहीं है। टीम में 10 प्लेयर और थे। फिर सलमान को ही निशाना क्यों बनाया जा रहा है। उसने तो कुछ गलत नहीं किया। उसने काफी रन भी बनाए हैं।
सिर्फ कप्तान ही नहीं, बल्कि टीम के बाकी खिलाड़ियों के खिलाफ भी कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर अपशब्द लिखे। हार के बाद कुछ फैंस ने बेहद घटिया जुबान का इस्तेमाल किया। हालांकि, कई समझदार सोशल मीडिया यूजर्स ने इन हरकतों को गलत भी ठहराया।
जांच होनी चाहिए
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मोईन खान ने भी इस मामले पर अपनी राय दी। उन्होंने कहा- 1999 के वर्ल्ड कप फाइनल में हार के बाद हमें भी ऐसे ही हालात का सामना करना पड़ा था। साइबर क्राइम जांच करनी चाहिए।
1996 अकरम को निशाना बनाया था
यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान की टीम की हार के बाद ऐसा माहौल बना हो। 1996 में जब पाकिस्तान को भारत से क्वार्टर फाइनल में हार मिली थी, तब कुछ गुस्साए लोगों ने खिलाड़ियों के घरों पर हमला तक कर दिया था। उस समय के कप्तान वसीम अकरम के घर को भी निशाना बनाया गया था।

