अजहर ने सरफराज को रिवर्स स्विंग खेलने के टिप्स दिए: पूर्व कप्तान अजहर बोले- अगरकर इस बैटर को एक मौका और दें
Published:
3 min read

सरफराज ने 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में डेब्यू किया था।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट में कई बार ऐसा होता है कि खिलाड़ी लगातार अच्छा परफॉर्म करते रहते हैं, इसके बावजूद उन्हें टीम इंडिया में जगह नहीं मिलती।मुंबई के सरफराज खान भी ऐसे ही खिलाड़ी हैं। अब उनके समर्थन में भारत के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन सामने आए हैं। अजहरुद्दीन का कहना है कि सरफराज को टीम इंडिया में एक और मौका मिलना चाहिए।
अजहर का 45 मिनट इंतजार
सरफराज ने एक इंटरव्यू में कहा- अजहरुद्दीन ने मुझे रिवर्स स्विंग खेलने के टिप्स दिए थे। उनसे मिलने के लिए मुझे करीब 45 मिनट इंतजार करना पड़ा, क्योंकि वो किन्हीं और अपॉइंटमेंट्स में बिजी थे।

सरफराज एग्रेसिव और पॉजिटिव
दूसरी तरफ, अजहरुद्दीन ने सरफराज के बारे में कहा- उसने जो रन बनाए, उसका पूरा क्रेडिट उसी को जाता है। तारीफ उसकी होनी चाहिए। अगर वह कामयाब साबित होता है, तो मेरे लिए सबसे बड़ी खुशी होगी। वो एग्रेसिव बैटर है जो मैच का रुख बदल सकता है। वह गेंदबाज से डरता नहीं और हमेशा रन बनाने की सोच रखता है। मुश्किल पिच और स्विंग होती गेंद पर तेजी से रन बनाना उसकी काबिलियत है।

टीम इंडिया के इस पूर्व कप्तान ने आगे कहा- सरफराज आज भी सीखना चाहता है। यही बात उसे खास बनाती है। जब मेरा फॉर्म ठीक नहीं था तब पाकिस्तान के दिग्गज बल्लेबाज जहीर अब्बास ने मदद की थी। चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर को चाहिए कि वो सरफराज को एक और मौका दें।
सरफराज ने हर जगह रन बनाए
अजहर ने आखिर में कहा- सरफराज ने हर जगह रन बनाए हैं। भारत को ऐसे ही बैट्समैन की जरूरत है। अगर कोई खिलाड़ी लगातार स्कोर करे और उसे फिर भी मौका न मिले, तो निराशा होती है। मुझे भरोसा है कि सरफराज को जल्द ही फिर से भारत के लिए खेलने का मौका मिलेगा।
2024 में इंग्लैंड खिलाफ डेब्यू किया था
सरफराज ने 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में डेब्यू किया था। पहली पारी में 62 और दूसरी पारी में 68 रन बनाए। धर्मशाला टेस्ट में भी अर्धशतक जमाया। बेंगलुरु में न्यूजीलैंड के खिलाफ 150 रन की पारी खेली। हालांकि भारत वह टेस्ट हार गया। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वह टीम में थे, लेकिन उन्हें प्लेइंग 11 में मौका नहीं मिला। बाद में इंग्लैंड दौरे के लिए भी उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया।
फिटनेस पर फोकस
सरफराज ने मेहनत करना नहीं छोड़ा। फिटनेस पर ध्यान दिया, वजन कम किया और घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बनाए।
विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने 157, 55 और 62 रन की इनिंग्स खेलीं। रणजी ट्रॉफी में हैदराबाद के खिलाफ उन्होंने 227 रन बनाकर एक बार फिर सिलेक्शन कमेटी को बताया कि उनका बल्ला खामोश नहीं, बस मौके की तलाश है।

