सरफराज अहमद का संन्यास: बतौर कप्तान पाकिस्तान को चैम्पियंस ट्रॉफी जिताई; अब टीम के कोच बन सकते हैं
Published: Updated:
2 min read

सरफराज ने नवंबर 2007 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। पहला मैच भारतीय टीम के खिलाफ जयपुर वनडे खेला था।
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सरफराज अहमद ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। सरफराज ने अपनी कप्तानी में पाकिस्तान को चैम्पियंस ट्रॉफी 2017 जिताई थी। इस टूर्नामेंट के फाइनल में भारतीय टीम को ही हराया था। इसके अलावा सरफराज की कप्तानी में पाकिस्तान ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2006 भी जीता था।
इस टूर्नामेंट के फाइनल में भी टीम इंडिया को ही हराया था। 38 साल के सरफराज का क्रिकेट करियर करीब 20 साल चला। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरफराज को नेशनल टीम का कोच बनाया जा सकता है।
सरफराज की 6 सेंचुरी और 35 फिफ्टी
सरफराज ने नवंबर 2007 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। पहला मैच भारतीय टीम के खिलाफ जयपुर वनडे खेला था। वो 2021 के बाद से पाकिस्तान की वनडे और टी20 टीम से बाहर चल रहे थे। जबकि आखिरी टेस्ट 2023 में खेला था।
विकेटकीपर सरफराज ने 315 कैच लिए और 56 स्टंपिंग कीं। पाकिस्तान के इस पूर्व कप्तान ने 54 टेस्ट, 117 वनडे और 61 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। इसमें टोटल 6164 इंटरनेशनल रन बनाए। सरफराज के नाम 6 सेंचुरी और 35 फिफ्टी हैं।
बाबर, शाहीन और हसन अली जैसे प्लेयर बनाए
रिटायरमेंट का ऐलान करते हुए सरफराज ने कहा- बतौर कप्तान U-19 टीम को 2006 वर्ल्ड कप जिताने से 2017 में चैंपियंस ट्रॉफी उठाने तक हर पल खास रहा। पाकिस्तान टीम की सभी फॉर्मेट में कप्तानी करके सपना सच हुआ। बाबर आजम, शाहीन अफरीदी, हसन अली जैसे प्लेयर्स को मेरी कप्तानी में मैच विनर बनते देखना सबसे बड़ी उपलब्धि में से एक है।

